November 20, 2026

भोपाल। मध्यप्रदेश अपनी गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति और विकास यात्रा के साथ 71वें स्थापना दिवस का उत्सव मनाने की तैयारी में है। राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव आयोजित करने की घोषणा की गई है। इस बार समारोह की थीम ‘विरासत से विकास’ रखी गई है। इसमें प्रदेश की लोक एवं जनजातीय संस्कृति, कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और विकास उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी।

संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने पत्रकारवार्ता में बताया कि राज्योत्सव में मध्यप्रदेश के अतीत, वर्तमान और भविष्य का संगम दिखाई देगा। समारोह में बॉलीवुड गायिका मोनाली ठाकुर और मशहूर लोक गायक मामे खान अपनी प्रस्तुतियां देंगे। स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और देशज व्यंजनों के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 नवंबर को शाम 6:30 बजे राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे।

71 बच्चों के सामूहिक वंदे मातरम् से होगा शुभारंभ

राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह में 71 बच्चे सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे। मध्यप्रदेश पुलिस बैंड की राष्ट्रगान प्रस्तुति और आतिशबाजी भी कार्यक्रम का हिस्सा होगी।

पहले दिन पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर सुगम संगीत की प्रस्तुति देंगी। वहीं, 3 नवंबर को लोक गायक मामे खान की प्रस्तुति के साथ समारोह का समापन होगा। 30 और 31 अक्टूबर को भोपाल के प्रमुख मार्गों से 400 से अधिक कलाकार सांस्कृतिक गौरव यात्राएं निकालेंगे।

तीनों दिन मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों के लोक एवं जनजातीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अहिराई, करमा, सैला, भगोरिया, मटकी और बधाई जैसे पारंपरिक नृत्य समारोह के आकर्षण होंगे।

102 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी एक-एक लाख की छात्रवृत्ति

राज्योत्सव के दौरान 102 मेधावी विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के तहत एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के 165 विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर प्रदान किए जाएंगे।

कृषि, उद्योग, संस्कृति और जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनियों में प्रदेश की उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘राजा भोज का भोपाल’ प्रदर्शनी में शहर की ऐतिहासिक विरासत पर आधारित 160 चित्र लगाए जाएंगे।

किसान बाजार और देशज व्यंजन मेले में दिखेगी प्रदेश की पहचान

समारोह में किसान बाजार और महिला उद्यमिता मंडप भी लगाए जाएंगे। यहां स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प की बिक्री होगी। वहीं, ‘स्वाद-देशज व्यंजन मेला’ में प्रदेश के अलग-अलग अंचलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों के मुताबिक, आम नागरिकों के लिए तीनों दिन राज्योत्सव में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

स्थापना दिवस पर जिलों में भी होंगे कार्यक्रम

स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायकों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा जबलपुर और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा के कार्यक्रम में शामिल होंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को बैतूल की जिम्मेदारी दी गई है।

मंत्रियों को सौंपी गई जिलों की जिम्मेदारी

  • कैलाश विजयवर्गीय — इंदौर
  • प्रह्लाद सिंह पटेल और राव उदय प्रताप सिंह — नरसिंहपुर
  • तुलसीराम सिलावट — देवास
  • करण सिंह वर्मा — सीहोर
  • संपतिया उइके — मंडला
  • गोविंद सिंह राजपूत — सागर
  • विश्वास सारंग — खरगोन
  • नारायण सिंह कुशवाह — शिवपुरी
  • नागर सिंह चौहान — अलीराजपुर
  • राकेश शुक्ला — भिंड
  • इंदर सिंह परमार — शाजापुर

सांसदों को भी मिली जिम्मेदारी

  • ज्ञानेश्वर पाटिल — बुरहानपुर
  • भारती पारधी — बालाघाट
  • महेंद्र सिंह सोलंकी — आगर मालवा
  • गजेंद्र सिंह पटेल — बड़वानी
  • राजेश मिश्रा — सीधी
  • जनार्दन मिश्रा — मऊगंज
  • बंटी विवेक साहू — छिंदवाड़ा
  • फग्गन सिंह कुलस्ते — सिवनी
  • श्याममंगल सिंह तोमर — श्योपुर
  • बंशीलाल गुर्जर — मंदसौर
  • सुधीर गुप्ता — नीमच
  • अनिता चौहान — रतलाम
  • माया नारोलिया — पांढुर्णा

‘विरासत से विकास’ की थीम पर आयोजित राज्योत्सव के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और विकास यात्रा को एक मंच पर प्रस्तुत करने की तैयारी की गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *