बालाघाट। कांग्रेस ने अनुशासनहीनता के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामकुमार नागपुरे को छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय उइके ने इस संबंध में निष्कासन आदेश जारी किया है।
शरद पूर्णिमा के कार्यक्रम में दिया था विवादित बयान
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में रामकुमार नागपुरे ने अपनी ही पार्टी के वारासिवनी विधायक विवेक पटेल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था, “इसे जूते की माला पहनाओ और मैं भी जूते मारूंगा।” उनका यह बयान सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में विवाद शुरू हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
नागपुरे की टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद पार्टी के भीतर भी इस बयान को लेकर नाराजगी सामने आई। मामले को पार्टी की छवि और अनुशासन से जोड़कर देखा गया।
जिलाध्यक्ष ने जारी किया निष्कासन आदेश
विवाद के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय उइके ने रामकुमार नागपुरे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। इस फैसले के साथ पार्टी ने अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त रुख अपनाने का संदेश दिया है।