November 20, 2026

उज्जैन। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और मध्यप्रदेश भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब आज उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से डिप्टी कलेक्टर एवं उप प्रशासक सिम्मी यादव ने उनका स्वागत और सत्कार किया।

बिप्लब कुमार देब ने सबसे पहले सपत्नीक महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद वे सर्किट हाउस में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

क्षीरसागर मंदिर में भगवान पुरुषोत्तम नारायण की प्रतिमा की नाक टूटी

शहर के क्षीरसागर स्थित भगवान पुरुषोत्तम नारायण मंदिर में प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह मंदिर से जुड़े पुजारी पंडित शंकर लक्ष्मीनारायण जोशी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने भगवान की प्रतिमा की नाक टूटी हुई देखी। घटना के बाद मंदिर से जुड़े लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है।

पंडित जोशी के मुताबिक, इससे पहले भी असामाजिक तत्वों द्वारा भगवान की प्रतिमा का हाथ तोड़ा जा चुका है। अब एक बार फिर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे हैं। उनके अनुसार, रात के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बनी रहती हैं और शाम 8 बजे के बाद महिलाएं भी इस क्षेत्र में अकेले आने से कतराती हैं।

नौ नारायण यात्रा का यहीं होता है समापन

पंडित जोशी ने बताया कि क्षीरसागर स्थित भगवान पुरुषोत्तम नारायण मंदिर की धार्मिक मान्यता काफी पुरानी है। पद्म पुराण में भी क्षीरसागर का उल्लेख मिलता है। भगवान पुरुषोत्तम नारायण को अधिक मास का अधिपति देवता माना जाता है। उज्जैन के नौ नारायण मंदिरों में इस मंदिर का विशेष महत्व है। अधिक मास के दौरान निकलने वाली नौ नारायण यात्रा का समापन भी इसी मंदिर में होता है।

उन्होंने बताया कि उनके परिवार की कई पीढ़ियां मंदिर में भगवान की सेवा करती आ रही हैं। प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना को उन्होंने दुखद और निंदनीय बताया।

प्रशासन से जांच और CCTV कैमरे लगाने की मांग

पंडित शंकर लक्ष्मीनारायण जोशी ने प्रशासन से मामले की जांच कराने, प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान करने और मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग करेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *