बिलासपुर। मानसिक रूप से अस्वस्थ और विशेष देखभाल की जरूरत वाले लोगों के लिए संचालित घरौंदा केंद्रों की स्थिति पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने गंभीर रुख अपनाया है। कोर्ट कमिश्नरों की रिपोर्ट में बिलासपुर के एक केंद्र में दिव्यांग को पलंग से बांधकर रखने और रायपुर के घरौंदा केंद्र में एक बच्चे समेत चार महिलाओं की मौत का खुलासा हुआ है। इन हालात पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से दो सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।

कोर्ट कमिश्नरों की रिपोर्ट में सामने आईं गंभीर खामियां
हाईकोर्ट ने मामले की जांच और केंद्रों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए 11 कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किए हैं। इनमें एडवोकेट विवेक श्रीवास्तव, अपूर्व त्रिपाठी, संघर्ष पाण्डेय, शिवाली दुबे और ईश्वर जायसवाल सहित अन्य अधिवक्ता शामिल हैं। कोर्ट कमिश्नरों ने शासन और केंद्र की योजनाओं के तहत संचालित घरौंदा केंद्रों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट पेश की है।
रिपोर्ट में बिलासपुर के एक केंद्र में दिव्यांग को पलंग से बांधकर रखे जाने और रायपुर केंद्र में चार महिलाओं तथा एक बच्चे की मौत की जानकारी सामने आई है। इन खुलासों के बाद कोर्ट ने राज्य सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
रायपुर केंद्र में बच्चों की मौत और गायब होने का मामला
रायपुर के घरौंदा केंद्र में आठ बच्चों की मौत और पांच बच्चों के गायब होने का मामला पहले से हाईकोर्ट के संज्ञान में है। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने इन घटनाओं को अमानवीय बताते हुए सभी कोर्ट कमिश्नरों को जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
इससे पहले वित्त विभाग और समाज कल्याण विभाग के सचिवों के साथ मुख्य सचिव ने भी शपथपत्र पेश किया था। इसमें बताया गया था कि सरकार ने तीन साल में इन बच्चों पर करीब 9 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
कोपलवाणी ने दायर की है जनहित याचिका
रायपुर की संस्था कोपलवाणी ने घरौंदा केंद्रों की स्थिति को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। याचिका में वर्ष 2014 से एनजीओ की मदद से संचालित संस्था में बच्चों की देखभाल और कथित भूखमरी से हुई मौतों का मुद्दा उठाया गया था।
संस्था ने इस मामले में पहले राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को भी लिखित शिकायत दी थी। अब कोर्ट कमिश्नरों की रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से दो सप्ताह में जवाब मांगा है।