रायगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने वित्त मंत्री ओपी चौधरी और भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेशभर के 42 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
15 नवंबर को होने वाले इस आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनजातीय समाज में उत्साह है।
जनजातीय समाज के प्रदेश अध्यक्ष सतनारायण सिंह ने बताया कि समारोह में प्रदेशभर के 42 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। आयोजन में एक से सवा लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
जनजातीय संस्कृति और स्वाभिमान का होगा संगम
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में जनजातीय समाज के वीर महापुरुषों के योगदान और बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी।
धरमजयगढ़ में आयोजित यह समारोह जनजातीय संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान को प्रदर्शित करने का बड़ा मंच बनेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन और भाजपा संगठन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।