भोपाल। देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब माफिया द्वारा TI दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

‘जब कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं, तो आम आदमी क्या उम्मीद करे’
उमंग सिंघार ने अपनी पोस्ट में लिखा कि मध्यप्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब खाकी भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि देवास में अवैध शराब माफिया ने खातेगांव TI दिलीप पुरी को बेखौफ होकर ट्रक से कुचल दिया।
सिंघार ने सवाल उठाया कि जब कानून के रक्षकों की सरेआम हत्या हो रही है, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की क्या उम्मीद करे? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या प्रदेश में माफियाओं के मन से शासन-प्रशासन का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है।
मुख्यमंत्री से की सख्त कार्रवाई की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले TI दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि दी और उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि अब केवल कागजी कार्रवाई और दिखावे से काम नहीं चलेगा। माफियाओं के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे अपराधियों में कानून का भय पैदा हो और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।