बालाघाट। रामपायली थाना क्षेत्र के बोदलकसा गांव के जंगल में मिले 21 वर्षीय साक्षी डोहरे के शव के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी आकाश बाघमारे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। युवती के इनकार के बाद उसने कथित तौर पर उसकी हत्या की और वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

जंगल में मिला था युवती का शव
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात बोदलकसा गांव के जंगल में युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उसकी पहचान लिंगमारा निवासी साक्षी डोहरे के रूप में हुई। वह बालाघाट के एक निजी अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती थी।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने युवती के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही थी। हालांकि, घटनास्थल के निरीक्षण, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को इस कहानी पर संदेह हुआ। डॉक्टरों के पैनल की रिपोर्ट में मौत का कारण गला घुटना बताया गया।
शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि तिरोड़ी थाना क्षेत्र के गोरेघाट निवासी 26 वर्षीय आकाश बाघमारे युवती पर प्रेम विवाह के लिए दबाव बना रहा था। पुलिस के मुताबिक, युवती ने शादी से इनकार किया और उससे दूरी बनाने की कोशिश की, जिसके बाद आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर घुमाने के बहाने बालाघाट से करीब 50 किलोमीटर दूर बोदलकसा के जंगल ले गया। वहां उसकी हत्या किए जाने का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने और साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया।
मोटरसाइकिल, मोबाइल और रस्सी बरामद
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, मृतका का मोबाइल और रस्सी बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।
आरोपी को वारासिवनी के जेएमएफसी न्यायालय में न्यायिक रिमांड के लिए पेश किया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।