ग्वालियर। गजराराजा मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा ने अपने ही सहपाठी पर दोस्ती का दबाव बनाने, पीछा करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी नीतेश कुशवाह के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

दोस्ती से इनकार पर पीछा करने का आरोप
पीड़िता और आरोपी दोनों गजराराजा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। पढ़ाई के दौरान दोनों की पहचान हुई थी। छात्रा का आरोप है कि नीतेश उस पर दोस्ती और संबंध बनाने का दबाव डालने लगा था। विरोध करने और दूरी बनाने पर वह उसका पीछा करने लगा और जबरन बातचीत करने की कोशिश करता था।
छात्रा के मुताबिक, उसने आरोपी की हरकतों की शिकायत कॉलेज के शिक्षकों से भी की थी, लेकिन इसके बावजूद उसका व्यवहार नहीं बदला।
गर्ल्स वॉशरूम में ले जाकर छेड़छाड़ की कोशिश का आरोप
छात्रा ने पुलिस को बताया कि 28 अक्टूबर को वह एक हजार बिस्तर अस्पताल में मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उसकी गाड़ी की चाबी छीन ली। आरोप है कि इसके बाद वह छात्रा को जबरन अपने साथ चलने के लिए मजबूर करने लगा और खींचकर गर्ल्स वॉशरूम में ले गया।
छात्रा का आरोप है कि वहां आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने के साथ बदनाम करने की धमकी भी दी।
शिकायत पर FIR, आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी और झांसी रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पीछा करने, यौन उत्पीड़न के प्रयास, मारपीट, धमकी और रास्ता रोकने सहित एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी नीतेश कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है। उससे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।