भोपाल। दीपावली पर प्रदेशभर में जहां घर और बाजार रोशनी से जगमगा रहे थे, वहीं कई शहरों में आगजनी की घटनाओं ने त्योहार की खुशियों में खलल डाल दिया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, सीहोर, नरसिंहपुर, सिंगरौली, नर्मदापुरम, बड़वानी, अशोकनगर, जबलपुर और बुरहानपुर समेत कई जिलों में मकान, फ्लैट, दुकान, गोदाम और वाहनों में आग लग गई। कहीं पटाखों की चिंगारी तो कहीं शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है। इन घटनाओं में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। राहत की बात यह रही कि अधिकांश घटनाओं में जनहानि की सूचना नहीं मिली।

भोपाल में दुकान में लगी आग, बिल्डिंग में फंसे लोगों को निकाला
शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी में कुंदन नमकीन के सामने स्थित एक दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दुकान और उसके ऊपरी हिस्से में धुआं भर जाने से कुछ लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और पास की मंडी के व्यापारियों ने बगल की बिल्डिंग के सहारे फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है।
गांधी नगर की मल्टी में दीये से पर्दे में लगी आग, घर का सामान राख
भोपाल के गांधी नगर स्थित ग्रीन वे कॉलोनी की एक मल्टी में दीया जलाने के दौरान आग लग गई। बताया गया कि नीचे रखे दीये से पर्दे में आग पकड़ ली, जो कुछ ही देर में पूरे फ्लैट में फैल गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर, कपड़े, रसोई का सामान, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण जलकर राख हो गए।
हादसे के वक्त फ्लैट में रहने वाले लोग घर पर नहीं थे। वे लक्ष्मी पूजन के बाद रिश्तेदारों से मिलने गए हुए थे। रहवासियों ने मल्टी में अग्निशमन व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वे कई बार बिल्डर को इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक जरूरी इंतजाम नहीं किए गए।
पुराने शहर में कचरे के ढेर में भड़की आग
भोपाल के पुराने शहर में चौकी इमामबाड़ा इलाके की लाल मस्जिद के पास कचरे के ढेर में आग लग गई। रफिकिया स्कूल के नजदीक गली में धुआं उठता देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कचरे में फ्रिज का वेस्ट मटेरियल पड़ा था, जिसमें रात करीब 11 बजे आग भड़क उठी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इंदौर में आधा दर्जन जगहों पर आगजनी
हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में करीब आधा दर्जन स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। सरवटे बस स्टैंड के पास सागर जूस सेंटर समेत दो से तीन दुकानें आग की चपेट में आ गईं। दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया।
इसके अलावा विजय नगर, परदेशीपुरा, स्कीम-54, नंदबाग और खजराना में भी आगजनी हुई। खजराना में गोदाम और गैरेज, स्कीम-54 व विजय नगर में फ्लैट और परदेशीपुरा में कपड़े की दुकान में आग लगी। सूचना पर दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अधिकांश जगहों पर पटाखों की चिंगारी से आग लगी। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ग्वालियर की मल्टी के फ्लैट की बालकनी में लगी आग
कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर की ऑरेंज बुड मल्टी के फ्लैट नंबर-204 में आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पटाखे की चिंगारी से फ्लैट की बालकनी में आग लगी। इससे वहां रखी वाशिंग मशीन और अन्य सामान जल गया।
सीहोर में कबाड़ गोदाम में फिर भड़की आग
अनिल मालवीय, सीहोर। कोतवाली चौराहे पर रविवार दोपहर करीब 2 बजे मुख्य मार्ग से लगे एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। कबाड़ में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई। लपटों ने पास स्थित एक खाली रिहायशी मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। घनी आबादी वाले इलाके में आग फैलने से बड़ा नुकसान हो सकता था। गोदाम में आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।
इछावर में आग से गरीब महिला की पूरी गृहस्थी जली
इछावर। सीहोर जिले के ग्राम बावड़ियां नौआबाद में एक महिला के मकान में आग लगने से घर का राशन और गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय महिला और परिवार के अन्य सदस्य रिश्तेदार के घर भोजन करने गए थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। घर से लपटें और धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक घर का काफी सामान जल चुका था।
नरसिंहपुर में कार और बाइक जलकर खाक
दीपक कौरव, नरसिंहपुर। इतवारा बाजार के पास प्रजापति बिल्डिंग परिसर के नीचे खड़ी एक कार में भीषण आग लग गई। इसकी चपेट में आकर कार और बाइक जल उठीं। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है।
सिंगरौली में इलेक्ट्रिकल दुकान में अग्निकांड
सुरेश पांडेय, सिंगरौली। दीपावली की रात परसौना स्थित सत्यम शिवम इलेक्ट्रिकल दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच की जा रही है।
नर्मदापुरम में खड़ी कार में लगी आग
दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। वल्लभ विलास होटल और रंगजी मिठाई शॉप के बाहर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार में देर रात आग लग गई। इंजन से लपटें उठती देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शहर में दूसरी जगह आग लगने के कारण दमकल की गाड़ी करीब 10 मिनट देरी से पहुंची। इसके बाद दमकलकर्मियों ने मशक्कत कर आग बुझाई। आग लगने का कारण सामने नहीं आया है।
बड़वानी में पटाखा दुकान में आग, कोई जनहानि नहीं
समीर शेख, बड़वानी। बस स्टैंड के समीप गल्र्स हाई स्कूल मैदान में लगी एक पटाखा दुकान में आग भड़क उठी। इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।
अशोकनगर में तीन जगह आगजनी, 50 लाख के नुकसान की आशंका
रंजीत रघुवंशी, अशोकनगर। जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। कोलुआ रोड पर गिलकु कबाड़ गोदाम में आग लगी, जबकि सेन तिराहे पर एक गैरेज में खड़ी तीन कारें जलकर खाक हो गईं। इन घटनाओं में करीब 50 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी सामने आई है। वहीं, लल्लीराम गली स्थित बर्तनों के गोदाम में भी आग लग गई। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तीनों घटनाओं के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जबलपुर में जरी की दुकान में लगी आग
कुमार इंदर, जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र के अंधेर देव इलाके में स्थित जरी की दुकान में देर रात आग लग गई। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की नजर आग पर पड़ी, जिसके बाद दमकल को सूचना दी गई। दमकल की चार गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारण और नुकसान का आकलन नहीं हो सका है।
बुरहानपुर के टीवी शोरूम में तीन घंटे तक धधकती रही आग
इमरान खान, बुरहानपुर/खंडवा। दीपावली की रात बुरहानपुर के इकबाल चौक स्थित सुपर टीवी शोरूम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब तीन घंटे तक शोरूम में लपटें उठती रहीं। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलने की आशंका है।
शोरूम के ऊपर रहने वाला परिवार आग लगते ही समय रहते बाहर निकल आया, जिससे सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। सूचना पर कलेक्टर, एसपी, एसडीएम और सीएसपी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगर निगम की दमकल गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं। समाजसेवियों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।
विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से आग बुझाने के प्रयासों की जानकारी ली। करीब तीन घंटे तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रहने के कारण शहर की अग्निशमन व्यवस्था और संसाधनों को लेकर सवाल उठे। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है।
दीपावली के दौरान हुई इन घटनाओं में कई परिवारों और कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अधिकांश मामलों में आग लगने के कारणों की जांच जारी है।