दुबई/भोपाल। मध्यप्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विदेश यात्रा के दौरान लगातार निवेशकों से मुलाकातों का दौर जारी है। दुबई में आयोजित एआईएम कांग्रेस-2026 (Annual Investment Meeting) के तीसरे दिन 8 सितंबर को मुख्यमंत्री ने ताज दुबई में शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट-सीईओ श्याम कपूर से अहम बैठक की। इस दौरान शिपिंग-लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और मध्यप्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्याम कपूर को आगामी ग्लोबल इंवेस्टर समिट (GIS) 2027 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

30 से 50 मिलियन डॉलर के निवेश का प्रस्ताव
बैठक में मध्यप्रदेश में रेल-साइडिंग युक्त लॉजिस्टिक्स पार्क स्थापित करने के प्रस्ताव पर विशेष चर्चा हुई। प्रस्तावित परियोजना में करीब 30 से 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर, यानी लगभग 250 से 450 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना बताई गई है।
इस परियोजना के जरिए करीब 300 से 600 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। बैठक में कंपनी की ओर से बताया गया कि वह इंदौर और पीथमपुर क्षेत्र में निवेश करने में विशेष रुचि रखती है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के अन्य संभावित स्थानों पर भी निवेश की संभावनाएं तलाशने की तैयारी है।
मल्टीमोडल लॉजिस्टिक्स पार्क और कोल्ड चेन पर फोकस
बैठक में मल्टीमोडल लॉजिस्टिक्स पार्क, आधुनिक वेयरहाउसिंग और रीजनल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर विकसित करने पर चर्चा हुई। कंपनी एग्रीकल्चर, फूड, फार्मास्यूटिकल्स और ऑर्गनाइज्ड रिटेल सेक्टर की सप्लाई चेन के लिए कोल्ड-चेन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की दिशा में काम कर सकती है।
इसके अलावा मध्यप्रदेश के उत्पादों के लिए एक्सपोर्ट-ओरिएंटेड कार्गो कंसॉलिडेशन और इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन की व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई। प्रमुख कमर्शियल और डेस्टिनेशन लोकेशनों पर रिटेल, हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म सेक्टर में निवेश की संभावनाएं भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहीं।
कंपनी सप्लाई-चेन टेक्नोलॉजी, कुशल लॉजिस्टिक्स ऑपरेशन्स और वर्कफोर्स डेवलपमेंट के क्षेत्र में भी साझेदारी कर सकती है। इसके साथ स्थानीय ट्रांसपोर्टर्स, वेंडर्स और सर्विस प्रोवाइडर्स को लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम से जोड़ने की योजना पर भी विचार किया गया।
भारत में 35 मालवाहक ट्रेनों और 900 ट्रकों का संचालन
शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट-सीईओ श्याम कपूर ने मुख्यमंत्री को कंपनी के भारत में संचालन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समूह भारत में अपनी सहायक कंपनी हिंद टर्मिनल्स प्राइवेट लिमिटेड (HTPL) के माध्यम से काम कर रहा है।
HTPL मल्टीमॉडल एग्री-लॉजिस्टिक्स पार्क, रेल-रोड परिवहन और थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में कार्यरत है। कंपनी इनलैंड कंटेनर डिपो के संचालन के साथ ताजे कृषि उत्पादों के संरक्षण के लिए कोल्ड-चेन समाधान भी उपलब्ध कराती है।
कंपनी के मुताबिक, भारत में वह करीब 35 मालवाहक ट्रेनों और 900 ट्रकों का संचालन कर रही है। कंपनी के पास देश के विभिन्न हिस्सों में पर्याप्त स्टोरेज यार्ड भी उपलब्ध हैं।
69 देशों में कारोबार करता है शराफ ग्रुप
शराफ ग्रुप का मुख्यालय दुबई में है और कंपनी करीब 69 देशों में कारोबार करती है। समूह शिपिंग-लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन के अलावा रिटेल, ट्रैवल एवं टूरिज्म, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, फाइनेंशियल सर्विसेज, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में भी सक्रिय है।
बैठक में मध्यप्रदेश में लॉजिस्टिक्स और सप्लाई-चेन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य के कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी जोर दिया गया।