प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बहस की चुनौती पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तंज कसा है। उन्होंने बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनकी आंखों में “इटालियन चश्मा” लगा हो और जिन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए 18 लाख परिवारों को पीएम आवास से वंचित किया, वे क्या बहस करेंगे।
अरुण साव ने कहा कि इस तरह की बातें करके गरीबों और जरूरतमंदों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया जा रहा है। उन्होंने यह बातें मीडिया से चर्चा के दौरान कहीं।

PM आवास को लेकर BJP-कांग्रेस आमने-सामने
PM आवास योजना को लेकर BJP और कांग्रेस के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप चल रहा है। भूपेश बघेल ने हाल ही में डिप्टी सीएम विजय शर्मा की ओर से दी गई बहस की चुनौती स्वीकार करते हुए चर्चा के लिए स्थान और समय तय करने की बात कही थी।
अब अरुण साव ने इसी चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। साव ने अपने बयान में आरोप लगाया कि बघेल सरकार के कार्यकाल में बड़ी संख्या में गरीब परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित रहे।
हालांकि, 18 लाख परिवारों को आवास से वंचित किए जाने का आंकड़ा अरुण साव का राजनीतिक दावा है।
‘यही विष्णु का सुशासन है’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सख्त तेवर को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण साव ने कहा कि राज्य के मुखिया होने के नाते लोगों की समस्याओं के समय उनके साथ खड़ा होना मुख्यमंत्री का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि जहां लोगों को समस्या हो, वहां उनके साथ खड़े होकर उनकी मदद करना ही सरकार की जिम्मेदारी है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय यही काम कर रहे हैं। साव ने इसे “विष्णु का सुशासन” बताया।
तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए केंद्र से मिलती है राशि
तालाबों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए राशि जारी किए जाने के सवाल पर अरुण साव ने कहा कि केंद्र सरकार अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से तालाबों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए राशि आवंटित करती है।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तहत लगातार काम हो रहा है और तालाबों का विकास भी सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण कार्य है। इसी वजह से इसके लिए बड़ी राशि स्वीकृत की गई है।
सेवा संकल्प अभियान में 12 तरह के सेवा कार्य
सेवा संकल्प अभियान के लिए मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपे जाने पर अरुण साव ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक लगातार सेवा का कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर में 12 अलग-अलग प्रकार के सेवा कार्य किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ में भी अभियान को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
साव के मुताबिक, इन सभी 12 कार्यों को लेकर संगठन और सरकार स्तर पर तैयारी की जा रही है और संबंधित सभी लोग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।