September 21, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच पीएम आवास के आंकड़ों और योजना के क्रियान्वयन को लेकर हुई खुली बहस के बाद अब मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। दोनों नेताओं ने बहस के दौरान अपने-अपने आंकड़े और दावे रखे थे।

कांग्रेस सरकार में गरीबों के साथ हुआ अन्याय- नेताम

मंत्री रामविचार नेताम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना का काम रोककर रखा गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में गरीबों के साथ अन्याय हुआ।

नेताम ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में गरीबों को पक्के आवास देने का वादा किया था और सरकार बनने के बाद इस दिशा में काम किया गया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस आश्वासन का भी जिक्र किया, जिसमें छत्तीसगढ़ में जरूरत के मुताबिक आवास उपलब्ध कराने की बात कही गई थी।

PM मोदी के नाम पर कांग्रेस को लेकर नेताम की टिप्पणी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को भाजपा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई है। वहीं कांग्रेस ने इस दिन को महंगाई दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है।

इसी को लेकर रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी के नाम से कांग्रेस के कपड़े गीले हो जाते हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने और ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाकर उनकी दीर्घायु की कामना करने की बात कही।

PM आवास के आंकड़ों पर बघेल-शर्मा में हुई बहस

पीएम आवास योजना को लेकर 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच खुली बहस हुई थी। दोनों नेताओं ने योजना के तहत स्वीकृत, लंबित और पूर्ण हुए मकानों को लेकर अलग-अलग आंकड़े पेश किए और एक-दूसरे के दावों पर सवाल उठाए।

इस बहस के बाद अब रामविचार नेताम के बयान से पीएम आवास योजना को लेकर छत्तीसगढ़ में भाजपा-कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *