बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के चर्चित चावल कांड में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राइस मिल संचालक कुमार कावरे को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कुमार कावरे पूर्व आयुष राज्य मंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे के बड़े भाई हैं।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस की विशेष टीम ने रविवार को भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र स्थित रचना टावर से कुमार कावरे को हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें बालाघाट लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
5,459 मीट्रिक टन सरकारी चावल की अफरा-तफरी का मामला
यह पूरा मामला छिंदवाड़ा स्थित एवीजे एग्रो एथेनॉल प्लांट (AVJ Agro Ethanol Plant) तक करीब 5,459 मीट्रिक टन सरकारी चावल के कथित अवैध परिवहन और अफरा-तफरी से जुड़ा है।
मामले का खुलासा जून महीने में उस समय हुआ था, जब वारासिवनी स्थित संचेती राइस मिल से पुलिस ने सरकारी चावल से लदे दो ट्रक जब्त किए थे। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ा और कई राइस मिल संचालकों, ट्रांसपोर्टरों तथा एथेनॉल प्लांट से जुड़े लोगों के नाम सामने आए।
पूर्व मंत्री के परिवार की राइस मिल का भी सामने आया नाम
जांच के दौरान पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे के परिवार से जुड़ी हर्ष राइस मिल, टेकाड़ी का नाम भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हर्ष राइस इंडस्ट्रीज के तीन पार्टनरों को गिरफ्तार किया।
इनमें पूर्व मंत्री के भतीजे अविनाश कावरे, करीबी बताए जा रहे विनोद शर्मा और गोपाल ठाकुर शामिल हैं। तीनों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
कुमार कावरे की गिरफ्तारी 20वीं कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, कुमार कावरे की गिरफ्तारी इस मामले में 20वीं गिरफ्तारी है। जांच के दौरान राइस मिलर्स के अलावा ट्रांसपोर्टरों और एथेनॉल प्लांट के मैनेजर तथा सुपरवाइजर समेत अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब तक सरकारी चावल के कथित अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए गए 28 ट्रकों को जब्त कर चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आएंगे और तथ्य
चावल कांड की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी चावल की सप्लाई, परिवहन और कथित अफरा-तफरी में कौन-कौन लोग किस स्तर पर शामिल थे। कुमार कावरे की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस की ओर से मामले में गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका और पूरे नेटवर्क को लेकर विस्तृत जानकारी सामने रखे जाने की उम्मीद है।