बस्तर। बस्तर क्षेत्र के युवाओं को खेल और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार प्रतियोगिता के लिए 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद नवंबर और दिसंबर में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन चरणबद्ध तरीके से होगा।

सरकार ने बस्तर संभाग के आयुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक युवाओं एवं खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं।
जूनियर और सीनियर वर्ग में होगी प्रतियोगिता
बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे। वहीं सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष प्रतिभागियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों और पुनर्वासित सदस्यों की भागीदारी सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी। इसके जरिए खेलों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को अवसर देने पर जोर रहेगा।
1 से 30 अक्टूबर तक होगा पंजीयन
बस्तर ओलंपिक के लिए 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक पंजीयन प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा।
- विकासखंड स्तर: 1 नवंबर से 13 नवंबर तक
- जिला स्तर: 16 नवंबर से 25 नवंबर तक
- संभाग स्तर: 7 दिसंबर से 11 दिसंबर तक
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को पंजीयन और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बस्तर ओलंपिक में होंगे कई खेल
बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स से लेकर टीम गेम और पारंपरिक खेलों तक कई प्रतियोगिताएं शामिल की गई हैं। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले होंगी।
इसके अलावा इन खेलों में भी प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे:
- तीरंदाजी — 30 मीटर और 50 मीटर
- बैडमिंटन
- फुटबॉल
- कराते
- कबड्डी
- खो-खो
- वॉलीबॉल
हॉकी और वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी। वहीं सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के तौर पर शामिल किया गया है।
पहले दो संस्करणों में लाखों युवाओं ने लिया हिस्सा
बस्तर के युवाओं की खेल प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक का पहला संस्करण आयोजित किया था। इसमें करीब 1.65 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
इसके बाद वर्ष 2025 में दूसरे संस्करण में भागीदारी और बढ़ी। इस दौरान करीब 3.91 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पहले संस्करण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों और दूसरे संस्करण के 18 खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन के रूप में चिन्हित किया गया था।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर
बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना भी है। तीसरे संस्करण में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि बस्तर की खेल प्रतिभाओं को जिला, संभाग और आगे राज्य स्तर तक पहचान मिल सके।