June 17, 2026

कोरबा में 11 फीट लंबे किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू

छुईढोड़ा में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लगभग 11 फीट लंबा विशालकाय किंग कोबरा एक घर में घुस गया। सांप को देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए और तुरंत घर से बाहर निकलकर वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान अरुण पांडे, मनोज पांडेय, प्रेमलता यादव तथा दक्षिण उप वनमंडलाधिकारी मौजूद रहे।

रेस्क्यू अभियान में नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के जितेंद्र सारथी और सिद्धांत जैन ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़ा।

रेस्क्यू के बाद सांप का स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास वाले घने वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।

वन विभाग के अनुसार, कोरबा वनमंडल में अब तक 50 से अधिक किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों की जागरूकता और समय पर सूचना मिलने से इस दुर्लभ एवं संरक्षित सर्प को सुरक्षित बचाया जा सका।

किंग कोबरा दुनिया का सबसे लंबा विषैला सांप माना जाता है और इसकी लंबाई 15 फीट या उससे अधिक तक पहुंच सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *