November 10, 2026

कोरबा। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव में कोरबा एसपी कार्यालय में पदस्थ आरक्षक नरहरि पटेल (38) का शव पेड़ पर लटका मिला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई। पत्थलगांव थाना पुलिस ने कोरबा पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

पेड़ पर सफेद चुन्नी के फंदे से लटका मिला शव

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरक्षक नरहरि पटेल का शव पत्थलगांव में एक पेड़ पर सफेद रंग की चुन्नी के फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरक्षक कोरबा से पत्थलगांव कब पहुंचे थे और वहां जाने की वजह क्या थी। फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं।

2013 में पुलिस विभाग में हुए थे भर्ती

जानकारी के मुताबिक, 38 वर्षीय नरहरि पटेल वर्ष 2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वे कोरबा एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में पदस्थ थे। बताया गया है कि उनकी तैनाती सिविल लाइन रामपुर में थी और वे 27 सितंबर 2023 से वहां पदस्थ थे।

नरहरि पटेल कोरबा के मानिकपुर स्थित दादर बस्ती में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है।

पत्थलगांव पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पत्थलगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है और मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने और आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *