मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बुधवार को ग्वालियर पहुंचे। यहां उन्होंने शीतला माता मंदिर के पास हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए हादसे के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करने की मांग की। पटवारी ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद कलेक्टर और एसपी अपने पदों पर कैसे बने हुए हैं।

पटवारी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
शीतला माता मंदिर हादसे को लेकर जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अलग-अलग घटनाओं में लोगों की मौत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और सरकार की जवाबदेही तय नहीं की जा रही है।
पटवारी ने अपने बयान में कफ सिरप से बच्चों की मौत, सागर और भिंड में जहरीली शराब की घटनाओं, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और अब शीतला माता मंदिर हादसे का जिक्र किया। उन्होंने इन घटनाओं को सरकार की जवाबदेही से जोड़ते हुए कहा कि प्रदेश में बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने इंदौर में हुए एक हादसे के बाद जारी एडवाइजरी का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की स्थिति में कलेक्टर और एसपी की जिम्मेदारी तय करने की बात कही गई थी। पटवारी ने सवाल किया कि शीतला माता मंदिर में हुए हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
मंदिर परिसर में ट्रक कैसे पहुंचा? पटवारी ने उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केवल संवेदना व्यक्त करने से पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि भारी भीड़ के बीच ट्रक मंदिर परिसर तक कैसे पहुंचा और वहां सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी थी।
उन्होंने सवाल उठाए कि हादसे के बाद कलेक्टर और एसपी को पद पर बनाए रखने का आधार क्या है? प्रशासनिक व्यवस्था की जवाबदेही कौन लेगा और सरकार राजनीतिक जिम्मेदारी क्यों नहीं स्वीकार कर रही है?
पटवारी ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए और इस घटना में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
एयरलिफ्ट के बाद अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने का आरोप
पटवारी ने घायलों के उपचार को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों को एयरलिफ्ट करना संवेदनशीलता का कदम था, लेकिन उनके मुताबिक एयरलिफ्ट के बाद अस्पताल में 24 घंटे तक डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने की शिकायत सामने आई। उन्होंने इसे सरकार की लापरवाही बताते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए।
दिग्विजय सिंह की यात्रा पर भी बोले पटवारी
दिग्विजय सिंह की अयोध्या तक प्रस्तावित यात्रा को लेकर बीजेपी की ओर से की जा रही आलोचना पर भी जीतू पटवारी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने देश में बेरोजगारी, महंगाई और राजनीतिक लोगों के प्रति घटते भरोसे जैसे मुद्दे उठाए।
पटवारी ने कहा कि देश में परिवार बेरोजगारी और महंगाई की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने मंदिर में हुई दुर्घटना और चंदे की कथित चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या इन मुद्दों पर देश में चर्चा नहीं होनी चाहिए।