November 5, 2026

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घर के सामने खेल रहे दो मासूम बच्चों को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

घर के आंगन में खेल रहे थे दोनों बच्चे

जानकारी के मुताबिक, हादसा जुन्नारदेव के वार्ड नंबर 18 स्थित सुकरी में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। केतन और रिकल नाम के दो बच्चे अपने घर के आंगन में खेल रहे थे। इसी दौरान परासिया की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया।

आरोप है कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक दोनों बच्चों को अपनी चपेट में लेते हुए मकान की दीवार से जा टकराया। टक्कर से घर का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

अस्पताल ले जाते समय एक बच्चे ने तोड़ा दम

हादसे के बाद परिजनों और पड़ोसियों ने काफी मशक्कत कर दोनों बच्चों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। बच्चों के सिर, पेट और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें तत्काल जुन्नारदेव अस्पताल ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए छिंदवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ा, पुलिस के हवाले किया

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक सुमित यादव को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है। हादसे को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *