मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग के अनुकंपा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने जनजातीय बहुल क्षेत्रों में 200 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों के निर्माण को मंजूरी देने की बात कही। इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत भी 200 नए विद्यालय भवन बनाए जाएंगे। इस तरह प्रदेश में कुल 400 नए विद्यालय भवनों का निर्माण होगा।

बुधवार, 21 अक्टूबर को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम का मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 954 अधिकारी-कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
954 लोगों को मिली अनुकंपा नियुक्ति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शासकीय सेवा के दौरान किसी कर्मचारी का असमय निधन परिवार के लिए बेहद कठिन समय होता है। परिवार को अपने सदस्य की कमी के साथ आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे मुश्किल वक्त में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में अनुकंपा नियुक्ति को प्राथमिकता दी गई है, ताकि परिवार आर्थिक रूप से मजबूत होकर खुशियां मना सकें। मुख्यमंत्री के अनुसार, स्कूल शिक्षा विभाग ने 954 अधिकारी-कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति दी है। इनमें 661 सहायक ग्रेड-3, 31 प्राथमिक शिक्षक और 262 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं।
स्कूल शिक्षा और जनजातीय क्षेत्रों में बनेंगे 400 नए विद्यालय भवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों ने प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत 200 नए सांदीपनि विद्यालय भवन बनाए जाएंगे। वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत भी 200 नए विद्यालय भवनों का निर्माण होगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 369 विद्यालय भवनों का निर्माण और लोकार्पण किया गया है। स्कूलों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, खेल गतिविधियां और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
20 हजार पदों पर नई भर्ती की तैयारी
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 85 हजार से अधिक सरकारी पदों पर युवाओं को नौकरी दे चुकी है। इनमें 15 हजार पद स्कूल शिक्षा विभाग के हैं। उन्होंने बताया कि अब 20 हजार पदों पर नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। इससे विभागों में रिक्त पद बने हैं, जिन्हें भरने की प्रक्रिया जारी है। अनुकंपा नियुक्ति के करीब 350 पद अभी शेष हैं, जिन पर साल के अंत तक नियुक्ति देने की बात कही गई है। कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए हर साल विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया भी जारी रहेगी।
विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्कूटी और NEET की तैयारी में मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्कूली शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए भी सहायता दे रही है। स्कूल से पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों को NEET की तैयारी के लिए मदद दी जा रही है। मेधावी विद्यार्थियों को 1 लाख 35 हजार से अधिक लैपटॉप वितरित किए गए हैं। वहीं, बोर्ड परीक्षा में स्कूल टॉपर विद्यार्थियों को स्कूटी भी दी गई है।
मंत्री उदय प्रताप सिंह बोले- अनुकंपा नियुक्ति सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के असमय निधन के बाद उनके पात्र परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति दी गई है।
मंत्री ने कहा कि सामान्य भर्ती, पदोन्नति और अनुकंपा नियुक्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। शिक्षकों को क्रमोन्नति का लाभ दिया गया है और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले तीन महीनों में 1,500 से अधिक पेंशन प्रकरणों का निराकरण किया गया है।