मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में पिछले दो दिनों से जारी नगर बंद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच हुई बैठक में कई मुद्दों पर सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया। बैठक में क्षेत्रीय सांसद, विधायक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कलेक्टर ऋषव कुमार गुप्ता ने बताया कि लोगों की मांगों और समस्याओं पर चर्चा के बाद आपसी सहमति बनी है।

एक महीने तक नहीं होगी तोड़फोड़, पहले कराया जाएगा नगर का सर्वे
महंत मंगलदास त्यागी महाराज ने बताया कि प्रशासन के साथ बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि पहले प्रशासन के साथ होने वाली चर्चाएं मौखिक होती थीं, लेकिन अब सभी बातों को लिखित रूप दिया जाएगा।
महंत के मुताबिक, सबसे पहले पूरे नगर का सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। साथ ही अगले एक महीने तक नगर में किसी भी तरह की तोड़फोड़ नहीं की जाएगी।
सिंहस्थ 2028 की कार्ययोजना के विरोध में शुरू हुआ था आंदोलन
दरअसल, सिंहस्थ 2028 की प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत ओंकारेश्वर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने नगर बंद का ऐलान किया था। इसके चलते लगातार दो दिनों तक तीर्थनगरी में बंद रहा।
अब प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। नगर का सर्वे और लिखित सहमति के आधार पर आगे की कार्रवाई इस मामले में अहम होगी।