November 7, 2026

रायपुर: छत्तीसगढ़ में हॉकी के नए अध्याय की शुरुआत 21 अक्टूबर से होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शाम 5 बजे ‘छत्तीसगढ़ हॉकी लीग’ का शुभारंभ करेंगे। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।

राज्य सरकार द्वारा आयोजित देश की पहली हॉकी लीग के जरिए प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ओलंपियन और राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ के उद्घोष के साथ होने वाला यह आयोजन छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

दिग्गज खिलाड़ियों के अनुभव से निखरेगी युवा प्रतिभा

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य केवल रोमांचक मुकाबले कराना नहीं, बल्कि प्रदेश में हॉकी के लिए मजबूत प्रतिस्पर्धात्मक माहौल तैयार करना भी है। लीग में ओलंपिक खेल चुके प्रतिष्ठित खिलाड़ियों को मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। इनके साथ राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी और छत्तीसगढ़ के उभरते खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

युवा खिलाड़ियों को दिग्गजों के साथ मैदान साझा करने, उनके अनुभव से सीखने और उच्च स्तरीय मुकाबलों का व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। इससे उनकी तकनीक, रणनीति, फिटनेस, टीमवर्क और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता को निखारने में मदद मिलेगी।

लीग के जरिए प्रदेश की नई प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें भविष्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का भी प्रयास किया जाएगा।

केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से करेंगी समारोह की अध्यक्षता

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से करेंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके अलावा राज्य सरकार के मंत्री, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और लक्ष्मी वर्मा, रायपुर जिले के विधायक, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर की महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल भी समारोह में मौजूद रहेंगे।

छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होगा मुकाबला

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में ओलंपियन, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, छत्तीसगढ़ के अनुभवी खिलाड़ी और प्रदेश की युवा प्रतिभाएं शामिल होंगी।

टीमों और उनकी फ्रेंचाइजी की सूची इस प्रकार है:

  • चक्रधर चैंपियंस: जिंदल स्टील लिमिटेड
  • न्यायधानी नाइट्स: साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL)
  • राजधानी रॉयल्स: बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड
  • मैनपाट टाइगर्स: छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल
  • संस्कारधानी स्ट्राइकर्स: सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड
  • बैलाडीला बुल्स: NMDC लिमिटेड

देश और प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों की भागीदारी से लीग को पेशेवर स्वरूप देने और खेल तथा कॉर्पोरेट क्षेत्र के बीच सहयोग बढ़ाने की उम्मीद है।

22 अक्टूबर से शुरू होंगे मुकाबले, रोज खेले जाएंगे दो मैच

लीग के मुकाबले 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन दो मैच होंगे। पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

दोनों मुकाबलों के बीच दर्शकों के मनोरंजन के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। लीग के पहले दिन महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शनी मैच भी होगा, जिससे महिला हॉकी प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

सभी मुकाबलों का संचालन हॉकी इंडिया के अधिकारियों और ऑफिशियल्स द्वारा किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप नियमों और पेशेवर खेल व्यवस्था का अनुभव मिलेगा।

दर्शकों के लिए मुफ्त प्रवेश, JioHotstar पर होगा लाइव प्रसारण

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मुकाबले देखने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इससे युवा, विद्यार्थी और हॉकी प्रेमी स्टेडियम पहुंचकर देश के दिग्गज खिलाड़ियों और प्रदेश की प्रतिभाओं का खेल देख सकेंगे।

जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, वे JioHotstar पर सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण देख सकेंगे। इससे लीग और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने की पहल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की खेल यात्रा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ओलंपियन और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के अनुभव के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को खेलने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाने, नई प्रतिभाओं को सामने लाने और खिलाड़ियों को बड़े मंच के लिए तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *