November 8, 2026

रायपुर। राजधानी के कालीबाड़ी स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सालय के तीन ऑपरेशन थिएटर का उन्नयन किया जाएगा। इसके लिए 16 नवंबर 2026 से काम शुरू होगा और इसे पूरा होने में करीब तीन महीने का समय लगेगा। इस दौरान अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा अस्थायी रूप से बंद रहेगी। मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है।

उन्नयन कार्य के दौरान कालीबाड़ी अस्पताल में होने वाले सभी ऑपरेशन जिला अस्पताल पंडरी में किए जाएंगे। इसके लिए पंडरी अस्पताल में जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो।

सामान्य प्रसव और ओपीडी सेवाएं रहेंगी जारी

ऑपरेशन थिएटर के उन्नयन के दौरान कालीबाड़ी मातृ एवं शिशु अस्पताल में सामान्य प्रसव, ओपीडी और वार्ड की सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। इन सुविधाओं के लिए मरीजों को दूसरे अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी। केवल ऑपरेशन के लिए पंडरी जिला अस्पताल में व्यवस्था की गई है।

हर महीने 300 से अधिक ऑपरेशन से होते हैं प्रसव

कालीबाड़ी स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में हर महीने 300 से अधिक प्रसव ऑपरेशन के जरिए कराए जाते हैं। ऐसे में तीन ऑपरेशन थिएटर का उन्नयन अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

करीब तीन महीने तक चलने वाले इस कार्य के पूरा होने के बाद ऑपरेशन थिएटर की सुविधाओं में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *