November 9, 2026

दंतेवाड़ा। नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद दक्षिण बस्तर के पर्यटन स्थलों की ओर लोगों का रुझान बढ़ रहा है। दंतेवाड़ा से सटे अबूझमाड़ के हांदावाड़ा जलप्रपात में इन दिनों दूर-दराज से प्रकृति प्रेमी और पर्यटक पहुंच रहे हैं। कभी नक्सलवाद के कारण जहां यहां पर्यटकों की आवाजाही बेहद कम थी, वहीं अब रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस प्राकृतिक खूबसूरती को देखने पहुंच रहे हैं।

31 मार्च के बाद पर्यटकों की संख्या में इजाफा

दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय से करीब 40 से 50 किलोमीटर दूर अबूझमाड़ में स्थित हांदावाड़ा जलप्रपात को बाहुबली जलप्रपात के नाम से भी जाना जाता है। बताया जा रहा है कि 31 मार्च के बाद से यहां प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों की आवाजाही में बढ़ोतरी हुई है। अलग-अलग राज्यों से लोग अपने वाहनों और पैदल रास्तों के जरिए इस जलप्रपात तक पहुंच रहे हैं।

3 से 4 किलोमीटर पैदल चलने के बाद दिखता है अद्भुत नजारा

हांदावाड़ा जलप्रपात तक पहुंचने के लिए फिलहाल पूरी तरह पक्की सड़क उपलब्ध नहीं है। तुमरीगुंडा तक पक्की सड़क से पहुंचा जा सकता है। इसके बाद कच्चे रास्ते और हांदावाड़ा गांव से आगे पगडंडी के रास्ते सफर करना पड़ता है।

करीब 3 से 4 किलोमीटर की पैदल दूरी तय करने के बाद पर्यटकों को प्रकृति का अनुपम नजारा देखने को मिलता है। यहां लगभग 300 से 350 फीट ऊंची चट्टानों से पानी की धारा नीचे गिरती है। जलप्रपात की पहली झलक ही लंबी पैदल यात्रा की थकान मिटा देती है।

नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलते दक्षिण बस्तर में हांदावाड़ा जलप्रपात की बढ़ती लोकप्रियता क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को भी सामने ला रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *