बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ससुर की हत्या के मामले में एडीजे कोर्ट ने बहू और उसके प्रेमी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों पर बिजली का करंट लगाकर हत्या करने और वारदात को छिपाने के लिए सबूतों से छेड़छाड़ करने का आरोप था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला था।

अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान ग्रामीणों को हुआ शक
मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खड़ेनाडी गांव का है। मृतक की पहचान मनोहर निर्मलकर के रूप में हुई थी। जानकारी के मुताबिक, 16 जुलाई 2025 को मनोहर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जा रहे थे। इसी दौरान चेहरे और माथे पर चोट के निशान देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
सूचना मिलने पर डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मौत सामान्य नहीं, बल्कि हत्या का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की बहू गीता बाई निर्मलकर (30 वर्ष) और उसके प्रेमी लेखराम निषाद (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गीता बाई के पति का नाम गौकरण निर्मलकर है और वह खड़ेनाडी गांव की निवासी है। वहीं, लेखराम निषाद बड़गांव का रहने वाला है और हारमोनियम शिक्षक है।
अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या की साजिश
जांच में सामने आया कि लेखराम हारमोनियम सिखाने के लिए गीता के घर आता था। इसी दौरान दोनों के बीच संबंध बन गए। बताया गया कि मनोहर को इसकी जानकारी हो गई थी और उसने इसका विरोध किया था। पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों ने मनोहर की हत्या की साजिश रची।
आरोप है कि 16 जुलाई 2025 की रात जब मनोहर सो रहा था, तब उसके बिस्तर पर बिजली का करंट प्रवाहित कर उसकी हत्या कर दी गई।
चोट को साइकिल से गिरने का बताया
पुलिस जांच के अनुसार, वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने मनोहर के चेहरे पर लगी चोट को साइकिल से गिरने का परिणाम बताया। चोट के निशानों पर हल्दी, गुलाल और तेल भी लगाया गया, ताकि किसी को संदेह न हो। इसके बाद शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की गई, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता के कारण मामला पुलिस तक पहुंच गया।
अदालत ने दोनों को सुनाई उम्रकैद
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की सुनवाई के बाद एडीजे कोर्ट ने गीता बाई निर्मलकर और लेखराम निषाद को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।