November 10, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कैंसर देखभाल सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और ECHO India ने संयुक्त पहल की है। इसके तहत चिकित्सा अधिकारियों के लिए Cancer Survivorship CCB ECHO Program का प्री-लॉन्च एवं ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 49 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

इस पहल का उद्देश्य कैंसर का उपचार पूरा कर चुके मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के जरिए चिकित्सा अधिकारियों को कैंसर सर्वाइवरशिप केयर के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

उपचार के बाद भी जरूरी है नियमित देखभाल

कैंसर का इलाज पूरा होने के बाद मरीजों को नियमित फॉलो-अप, उपचार के दुष्प्रभावों का प्रबंधन, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता तथा पुनर्वास की जरूरत होती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है।

इससे चिकित्सा अधिकारी कैंसर से उबर चुके मरीजों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे और उन्हें उपचार के बाद भी समग्र देखभाल एवं उचित मार्गदर्शन दे पाएंगे।

अधिकारियों ने बताया नियमित फॉलो-अप का महत्व

कार्यक्रम में NP-NCD के उप संचालक डॉ. संजीव मेश्राम और राज्य सलाहकार अभिलाषा शर्मा उपस्थित रहीं। दोनों अधिकारियों ने कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान, उपचार के बाद मरीजों की देखभाल और नियमित फॉलो-अप के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि कैंसर का उपचार पूरा होने के बाद भी मरीजों को निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं और समग्र देखभाल उपलब्ध कराना जरूरी है। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में कैंसर देखभाल सेवाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

आठ मॉड्यूल में दिया जाएगा प्रशिक्षण

CHIP Foundation की ओर से डॉ. शेखर गोवर्धन ने रिसोर्स पर्सन के रूप में योगदान दिया। संस्था इस कार्यक्रम के शैक्षणिक केंद्र (Academic Hub) के रूप में सहयोग कर रही है।

कार्यक्रम के तहत आठ मॉड्यूल पर आधारित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य चिकित्सा अधिकारियों की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे कैंसर से उबर चुके मरीजों को नियमित निगरानी, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध करा सकें।

ECHO India की ओर से डॉ. संदीप भल्ला (उपाध्यक्ष-प्रोजेक्ट्स), अनिला गोस्वामी (उप महाप्रबंधक-प्रोजेक्ट्स) और डॉ. करण राय (वरिष्ठ महाप्रबंधक-मॉनिटरिंग, इवैल्यूएशन एवं रिसर्च) ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

छत्तीसगढ़ में इस पहल की सफल शुरुआत के लिए डॉ. संदीप भल्ला और अनिला गोस्वामी के मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *