November 11, 2026

भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के विरोध में राजधानी भोपाल में सियासी संग्राम देखने को मिला। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता गुलाब के फूल लेकर कार्यालय के बाहर जमा हुए। प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी हुई। इस दौरान एक कांग्रेस कार्यकर्ता का सिर फट गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया।

कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

बीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। रेडक्रॉस के पास भारी बैरिकेडिंग की गई थी। कांग्रेस कार्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर भी बैरिकेड लगाए गए थे, ताकि दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने न आ सकें।

दूसरी ओर, कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में कार्यालय के बाहर जुटे। वे हाथों में गुलाब के फूल लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया था।

बैरिकेडिंग पर भिड़े कार्यकर्ता, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन

प्रदर्शन के दौरान बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के दोनों ओर आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

इसी दौरान एक कांग्रेस कार्यकर्ता के सिर में चोट लग गई और उसका सिर फट गया। घायल कार्यकर्ता को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रदर्शन खत्म होने के बाद लौटे कार्यकर्ता

काफी देर तक चले प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद स्थिति सामान्य हुई। प्रदर्शन समाप्त होने पर बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने-अपने घरों की ओर लौट गए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *