November 11, 2026

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर श्री कालभैरव मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन, बेहतर आवागमन, पार्किंग सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी उद्देश्य से मंदिर में श्री कालभैरव महालोक का निर्माण प्रस्तावित है।

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों, श्रद्धालुओं के आवागमन और दर्शन व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मार्ग परिवर्तन की जानकारी साइनेज पर प्रमुखता से देने के निर्देश

कलेक्टर ने कहा कि मंदिर क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू होने के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्गों में बदलाव किया जाएगा। ऐसे में साइनेज पर नए मार्गों की जानकारी स्पष्ट और प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और वे आसानी से निर्धारित दर्शन मार्ग तक पहुंच सकें।

निरीक्षण के दौरान मंदिर के बाहरी परिसर में शासकीय दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को मौके से हटवाया गया। कलेक्टर ने मंदिर के पीछे की ओर निर्माणाधीन निर्गम मार्ग का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि दर्शन के बाद श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से मंदिर परिसर से बाहर निकल सकें।

निर्माण के दौरान दर्शन व्यवस्था प्रभावित न हो

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर क्षेत्र में निर्माण और विकास कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, एसडीएम एल.एन. गर्ग सहित उज्जैन विकास प्राधिकरण के अधिकारी और इंजीनियर मौजूद रहे।

तहसीलदार ज्योति लाक्षाकार को सौंपी मंदिर की जिम्मेदारी

श्री कालभैरव मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार और निगरानी को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने एक और बदलाव किया है। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने तहसीलदार ज्योति लाक्षाकार को मंदिर की जिम्मेदारी सौंपी है।

उन्हें अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), उज्जैन नगर और श्री कालभैरव मंदिर के अध्यक्ष के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। अब ज्योति लाक्षाकार मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य करेंगी।

सिंहस्थ 2028 से पहले श्री कालभैरव महालोक निर्माण और मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार की यह पहल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी का हिस्सा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *