जबलपुर। मध्य प्रदेश लोकायुक्त की टीम ने दमोह में पदस्थ GST अधिकारी मनीष कुमार जैन के जबलपुर और भोपाल स्थित कई ठिकानों पर एक साथ छापामार कार्रवाई की है। सुबह-सुबह दी गई दबिश के दौरान शुरुआती जांच में अधिकारी के पास आय से 264 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त के मुताबिक, अधिकारी की वैध आय करीब 1.03 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि अब तक लगभग 3.78 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है।

जबलपुर, भोपाल और सागर में मिली संपत्तियां
लोकायुक्त की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अधिकारी ने कथित तौर पर अपने और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में संपत्तियां अर्जित की हैं।
जबलपुर, भोपाल और सागर में जमीन, मकान, आलीशान फ्लैट, चार पहिया वाहन और विभिन्न प्रकार की पॉलिसियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। लोकायुक्त की टीम इन संपत्तियों और उनसे संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि संपत्तियां किन स्रोतों से खरीदी गईं और उनका वास्तविक मूल्य कितना है।
शिकायत के सत्यापन के बाद दर्ज किया गया मामला
जानकारी के अनुसार, लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले को मनीष कुमार जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। इसके बाद निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया ने शिकायत का सत्यापन किया। शुरुआती जांच में शिकायत के आधार मिलने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
तीन टीमें कर रही हैं दस्तावेजों की जांच
यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की जा रही है। लोकायुक्त की तीन अलग-अलग टीमें अधिकारी के ठिकानों पर मौजूद रहकर संपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
फिलहाल कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही अधिकारी की कुल संपत्ति और कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।