November 11, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार के पतन को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के उस बयान पर अब पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने सवाल उठाए हैं, जिसमें उन्होंने सरकार गिरने के लिए कमलनाथ को जिम्मेदार ठहराया था। वर्मा ने दिग्विजय सिंह के बयान को अनुचित बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर किसी एक नेता पर दोष मढ़ना ठीक नहीं है।

‘दिग्विजय सिंह भी उतने ही दोषी’

मीडिया से चर्चा के दौरान सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि जब कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में वोट चोरी और दूसरे जनहित के मुद्दों को लेकर देशभर में अभियान चला रही है, तब पुराने राजनीतिक घटनाक्रम पर इस तरह का बयान देना पार्टी के हित में नहीं है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “प्रदेश का बच्चा-बच्चा जानता है कि जब कमलनाथ जी की सरकार थी, तब दिग्विजय सिंह जी उनके सिर पर सवार रहते थे।” वर्मा के मुताबिक, सरकार के फैसलों और निर्णयों में दिग्विजय सिंह की भी बराबर की भूमिका और दखल था।

उन्होंने कहा, “जितने दोषी कमलनाथ हैं, उतने ही दोषी दिग्विजय सिंह भी हैं।” वर्मा ने दोनों नेताओं से जुड़े पुराने घटनाक्रम पर एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराने को पार्टी के हित में नहीं बताया।

‘राहुल गांधी हमारे मुख्य नेता’

अपने बयान को लेकर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि वे बिना वजह या बिना आधार के बातें नहीं करते, बल्कि परिस्थितियों और बयानों के संदर्भ में अपनी प्रतिक्रिया देते हैं। उन्होंने जोर दिया कि फिलहाल कांग्रेस का ध्यान जनहित के मुद्दों और संगठन की एकजुटता पर होना चाहिए।

दिग्विजय सिंह के बयान और सज्जन सिंह वर्मा के पलटवार के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच आपसी समन्वय और मतभेदों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस राजनीतिक घटनाक्रम पर भाजपा की प्रतिक्रिया भी सामने आ सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *