November 11, 2026

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरलांजी थाना क्षेत्र के ग्राम नोनसा में सर्पदंश से 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान जिज्ञासा टेंभरे के रूप में हुई है। वह कक्षा 11वीं में पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

खेत की मेड़ से लौटते समय सांप ने डसा

जानकारी के मुताबिक, जिज्ञासा अपने माता-पिता के साथ खेत में धान का बोझा बांधने गई थी। काम पूरा होने के बाद वह खेत की मेड़ से होते हुए घर लौट रही थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे डस लिया।

घटना के तुरंत बाद परिजन उसे मोटरसाइकिल से खैरलांजी के स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने सर्पदंश के उपचार के लिए उसे एंटी-स्नेक वेनम दिया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

छात्रा की स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने जिज्ञासा को मृत घोषित कर दिया।

जिज्ञासा अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *