इंदौर। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित छोटा बांगड़दा की कमल रेजिडेंसी में एक फ्लैट से बिजली विभाग में पदस्थ लाइनमैन का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान निर्मल राजपूत के रूप में हुई है। उसके शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फ्लैट में रहने वाली महिला से पूछताछ की जा रही है।

पीछे के दरवाजे से फ्लैट में दाखिल होने की जानकारी
पुलिस के मुताबिक, निर्मल राजपूत बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। उसकी पत्नी और एक बेटी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह बीती रात कथित तौर पर फ्लैट के पिछले दरवाजे से अंदर गया था।
सुबह फ्लैट में रहने वाली महिला ने आसपास के रहवासियों को घर में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद रहवासियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
शरीर पर चोट के निशान, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार, फ्लैट में रहने वाली महिला अपने पति से अलग रहती है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि निर्मल फ्लैट में किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई।
महिला से पूछताछ के साथ पुलिस घटनास्थल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।