November 11, 2026

कटनी/जबलपुर। कटनी जिले के उमरिया पान से जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील को जोड़ने वाली लोक निर्माण विभाग (PWD) की करीब 20 किलोमीटर लंबी सड़क जर्जर हालत में है। जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। जबलपुर, कटनी, उमरिया और शहडोल जिलों को जोड़ने वाले इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण वाहनों को नुकसान पहुंचने के साथ ही लोगों का समय और ईंधन भी अधिक खर्च हो रहा है।

डामर के दाम बढ़ने का हवाला देने का आरोप

ढीमरखेड़ा जनपद अध्यक्ष सुनीता दुबे के पति संतोष दुबे ने आरोप लगाया कि सड़क की समस्या को लेकर पिछले दो वर्षों में कई बार संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखे गए, लेकिन अब तक सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि PWD अधिकारी डामर के दाम बढ़ने का हवाला देकर मरम्मत नहीं करा रहे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पेट्रोल पंप के पास सड़क के एक हिस्से की मरम्मत की गई, लेकिन दूसरी ओर का हिस्सा बदहाल छोड़ दिया गया। ऐसे में वाहन चालकों को गड्ढों और खराब रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।

पुलिया भी क्षतिग्रस्त, दुर्घटना की आशंका

मार्ग पर बनी पुलिया भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बताई जा रही है। इस रास्ते से भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की आशंका जताई है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

ढीमरखेड़ा एसडीएम निधि गोहल ने मामले का संज्ञान लेते हुए PWD अधिकारियों को पत्र लिखा है। उन्होंने सड़क की जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।

विधायक ने प्रधानमंत्री को भी लिखा था पत्र

बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में खराब सड़कों का मुद्दा स्थानीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह भी उठा चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ग्रामीण सड़कों का सर्वे कराने और उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शामिल करने की मांग की थी।

इसके बावजूद उमरिया पान–सिहोरा मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुलिया की मरम्मत में देरी से आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *