November 11, 2026

बुधनी। मध्य प्रदेश के बुधनी स्थित रेहटी वन परिक्षेत्र के जंगलों में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग की जांच के दौरान ढाबा बीट के कंपार्टमेंट क्रमांक 530 में कई स्थानों पर सागौन के ताजा कटे हुए ठूंठ मिले हैं। करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र में कटाई की बात सामने आने के बाद वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

कंपार्टमेंट-530 में मिले ताजा कटे पेड़ों के ठूंठ

जानकारी के मुताबिक, ढाबा बीट के कंपार्टमेंट क्रमांक 530 में नदी के दूसरी ओर अलग-अलग स्थानों पर सागौन के कई पेड़ों के कटे हुए ठूंठ मिले। मौके पर पेड़ों को काटकर लकड़ी तैयार किए जाने के संकेत भी मिले हैं।

जांच में मिले ताजा ठूंठ इस बात की ओर इशारा करते हैं कि क्षेत्र में हाल के दिनों में पेड़ों की कटाई की गई है। करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र में अवैध कटाई की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कटे पेड़ों की वास्तविक संख्या और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि घने जंगल में पेड़ों की कटाई लंबे समय तक कैसे जारी रही और मैदानी वन अमले को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली। स्थानीय स्तर पर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध गतिविधियां चलने की चर्चा है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले तस्करों से जुड़ी दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई थीं। इसके बावजूद अवैध कटाई पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि कटाई में कौन लोग शामिल हैं और इसमें किसी की मिलीभगत या लापरवाही रही है या नहीं। वन विभाग की कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर आगे की स्थिति निर्भर करेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *