दुर्ग। छत्तीसगढ़ के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से भाजपा नेताओं और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है।

निधन की सूचना मिलने के बाद स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर और पूर्व विधायक लाभचंद बाफना सहित कई नेता उनके अहिवारा स्थित निवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
दो बार अहिवारा से चुने गए विधायक
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की और दूसरी बार विधायक बने।
75 वर्ष की उम्र में 2023 का विधानसभा चुनाव जीतने के बाद वे छत्तीसगढ़ की छठवीं विधानसभा के सबसे बुजुर्ग विधायकों में शामिल हुए। उनकी राजनीतिक वरिष्ठता को देखते हुए राज्य सरकार ने अक्टूबर 2025 में उन्हें छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्होंने 25 नवंबर 2025 को मंत्रालय में इस पद का कार्यभार संभाला था।
12 अगस्त 1948 को हुआ था जन्म
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का जन्म 12 अगस्त 1948 को छत्तीसगढ़ में हुआ था। उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्होंने वर्ष 1985 में एमए और बीएड की डिग्री हासिल की। इसके बाद वे शासकीय सेवा से जुड़े और सेवानिवृत्ति के बाद सक्रिय राजनीति में आए।
सीएम साय ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि कोर्सेवाड़ा के निधन की सूचना से वे स्तब्ध हैं। सरल व्यक्तित्व, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा उनकी विशेष पहचान थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहने वाले कोर्सेवाड़ा का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की।
किरण सिंह देव ने बताया अपूरणीय क्षति
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का संपूर्ण जीवन जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा। उनका निधन भाजपा परिवार और छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।