November 20, 2026

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को रायपुर के देवेंद्र नगर-पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स नेटवर्क के विस्तार के रूप में स्थापित यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।

लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा रायपुर नगर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

इस अवसर पर आर्टेमिस हॉस्पिटल्स एवं अपोलो टायर्स लिमिटेड के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर, आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती और आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ चिकित्सक, अस्पताल के अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, 30 से अधिक विशेषज्ञताएं

आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल में हृदय रोग, न्यूरोसाइंस, कैंसर उपचार, हड्डी एवं जोड़ रोग, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, किडनी एवं यूरोलॉजी और क्रिटिकल केयर सहित कई चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। अस्पताल में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक आईसीयू, इमेजिंग एवं डायग्नोस्टिक सुविधाओं के साथ 24 घंटे इमरजेंसी और ट्रॉमा सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यहां 11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 30 से अधिक चिकित्सा एवं सर्जिकल विशेषज्ञताओं के माध्यम से मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल की क्षमता 300 से अधिक बेड की बताई गई है।

मध्य भारत में सेवाओं का विस्तार

आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य मरीजों को संवेदनशीलता के साथ विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं देना है। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के जरिए समूह दिल्ली-एनसीआर से बाहर मध्य भारत में अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार जताया।

आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती ने कहा कि अब तक छत्तीसगढ़ के कई मरीजों को उन्नत इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था। नए अस्पताल के शुरू होने से उन्हें आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं रायपुर में ही मिल सकेंगी।

आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को अपने शहर में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने चिकित्सा गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा और संतुष्टि को संस्थान की प्राथमिकता बताया।

रिबन काटकर किया उद्घाटन

समारोह में अतिथियों ने रिबन काटकर अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन किया और लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल की विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया।

2007 में हुई थी आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की स्थापना

गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की स्थापना वर्ष 2007 में हुई थी। संस्थान के अनुसार, वहां 750 से अधिक बेड और 40 से ज्यादा चिकित्सा विशेषज्ञताएं उपलब्ध हैं। अस्पताल को जेसीआई (JCI) और एनएबीएच (NABH) से मान्यता प्राप्त है।

रायपुर का आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल इस नेटवर्क का हिस्सा है। प्रबंधन के मुताबिक, यह समूह का दिल्ली-एनसीआर से बाहर पहला विस्तार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *