बीजापुर। जिले में मुर्गा लड़ाई की आड़ में संचालित कथित जुए के कारोबार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। भोपालपट्टनम ब्लॉक के रायगुड़ा गांव में चल रहे अवैध मुर्गा बाजार में पुलिस टीम ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल और कारें जब्त की हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मौके से करीब 20 से 25 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।

बताया जा रहा है कि रायगुड़ा में मुर्गा लड़ाई के नाम पर बड़े पैमाने पर जुए के दांव लगाए जा रहे थे। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के अलावा तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से भी लोग पहुंचे थे। यहां लाखों रुपये का दांव लगने की सूचना है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस को मुखबिर के जरिए रायगुड़ा में जुए के आयोजन की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोगों को पकड़ने के साथ नकदी और अन्य सामान जब्त किया गया।
एसपी ने की कार्रवाई की पुष्टि
एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई। इस दौरान नकदी बरामद हुई है।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी है। कितने लोगों को हिरासत में लिया गया है, कितने मोबाइल और वाहन जब्त हुए हैं तथा नकदी की अंतिम रकम कितनी है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
कानून के तहत प्रतिबंधित है मुर्गा लड़ाई
भारत में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत पशुओं के साथ क्रूरता पर रोक है। मुर्गों को लड़ाने के आयोजन में पशुओं को लड़ाई के लिए उकसाने और उन्हें चोट पहुंचाने जैसी गतिविधियां कानून के दायरे में आ सकती हैं। ऐसे आयोजनों के खिलाफ विभिन्न अदालतों ने भी निर्देश दिए हैं।
इसके बावजूद कुछ इलाकों में परंपरा की आड़ में मुर्गा लड़ाई के आयोजन किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। रायगुड़ा में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में जब्त सामान, पकड़े गए लोगों और दर्ज किए गए प्रकरण की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।