नवा रायपुर। राज्योत्सव 2026 के तहत आयोजित प्रदर्शनी में विभिन्न शासकीय विभागों और सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रमों के स्टॉल को उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया। शासकीय विभागों की श्रेणी में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रथम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने द्वितीय और आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग ने तृतीय पुरस्कार हासिल किया।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग को उत्कृष्ट पुरस्कार, जबकि सड़क एवं परिवहन विभाग को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
शासकीय विभागों की श्रेणी में किसे मिला कौन-सा पुरस्कार?
प्रथम पुरस्कार – वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग
वन विभाग की प्रदर्शनी की थीम ‘बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ रही। इसमें नक्सलवाद से प्रभावित बस्तर की भय से विश्वास तक की यात्रा को दर्शाया गया। कांगेर घाटी सफारी, तुंगल बांध, देवगुड़ी, धुरवा होमस्टे, प्रदेश के पहले रामसर स्थल कोपरा जलाशय और काले हिरण की वापसी जैसी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के अनुरूप प्रदर्शनी में यह भी दिखाया गया कि वनांचल की महिलाएं और युवा इको-टूरिज्म एवं वनोपज के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
द्वितीय पुरस्कार – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग
विभाग के स्टॉल में वीबी-जी राम जी (विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन-ग्रामीण), छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पंचायत संचालनालय और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।
तृतीय पुरस्कार – आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग
विभाग की प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति ग्राम अखड़ा विकास योजना, बैगा-पुजारी सम्मान निधि योजना, देवगुड़ी परिरक्षण एवं विकास योजना, आदि सेवा केंद्र, प्रयास आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना और आदि वाणी के प्रचार-प्रसार को दर्शाया गया। इसके अलावा प्रकाशित पुस्तकों की प्रदर्शनी और सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहे।
उत्कृष्ट पुरस्कार – कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग
कृषि विभाग की प्रदर्शनी में पड़ती भूमि और ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन-तिलहन की खेती, समन्वित कृषि प्रणाली, आत्मनिर्भर दलहन मिशन और राष्ट्रीय तिलहन मिशन की जीवंत झलक प्रस्तुत की गई। खेत बचाओ अभियान के तहत मृदा स्वास्थ्य और प्राकृतिक खेती की जानकारी भी दी गई।
प्रदर्शनी में कृषि यंत्रों, जलग्रहण मॉडल, उद्यानिकी फसलों और योजनाओं के साथ तिलपिया सहित विभिन्न मत्स्य तकनीकों तथा पशुपालन से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की गईं। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कामधेनु विश्वविद्यालय, उद्यानिकी विश्वविद्यालय, कॉफी बोर्ड, बीज निगम, बीज प्रमाणीकरण, मंडी बोर्ड और गौ सेवा आयोग की गतिविधियों को भी शामिल किया गया।
विशेष पुरस्कार – सड़क एवं परिवहन विभाग
सड़क एवं परिवहन विभाग को प्रदर्शनी में विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सार्वजनिक और निजी उपक्रमों में BSNL को पहला स्थान
सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रमों की श्रेणी में भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने प्रथम, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने द्वितीय और भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
- प्रथम पुरस्कार – BSNL: टेलीकम्युनिकेशन के क्षेत्र में संचालित योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी।
- द्वितीय पुरस्कार – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे: ‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित प्रदर्शनी।
- तृतीय पुरस्कार – बालको: राज्य के विकास में महिला सशक्तिकरण के योगदान पर आधारित प्रदर्शनी।
राज्योत्सव की प्रदर्शनी में विभागों और उपक्रमों ने अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों को आम लोगों के सामने रखा। पुरस्कारों के जरिए बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्टॉल को प्रोत्साहित किया गया।