November 20, 2026

नवा रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं। प्राकृतिक सौंदर्य, जलप्रपात, घने जंगल, समृद्ध जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों से संपन्न छत्तीसगढ़ आने वाले समय में देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना सकता है।

नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण बस्तर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों की पर्यटन संभावनाओं का अपेक्षित विकास नहीं हो सका। अब शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत होने से पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

उन्होंने चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, मां दंतेश्वरी मंदिर, मां बम्लेश्वरी मंदिर और बस्तर दशहरा का उल्लेख करते हुए कहा कि इन स्थलों में देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता है।

पर्यटन से युवाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ

अमित शाह ने कहा कि पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे तथा ग्रामीण और जनजातीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बस्तर की पारंपरिक वेशभूषा, खानपान, लोकनृत्य, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज की संस्कृति, खेल प्रतिभाओं और पारंपरिक जीवनशैली को नई पहचान मिल रही है।

शाह ने पंथी, पंडवानी, राउत नाचा, करमा और सैला जैसे लोकनृत्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत पर्यटन को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

अगले दस वर्षों में समृद्ध होगा छत्तीसगढ़: शाह

गृह मंत्री ने कहा कि एक समय छत्तीसगढ़ के बारे में कहा जाता था कि यहां की धरती अमीर है, लेकिन लोग गरीब हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दस वर्षों में छत्तीसगढ़ की धरती के साथ यहां के लोग भी समृद्ध और खुशहाल होंगे। इसे उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प बताया।

शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद के भय और हिंसा से निकलकर शांति, विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं बन रही हैं।

अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया छत्तीसगढ़, मोदी ने दी विकास को नई दिशा

अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण उनकी दूरदर्शिता का परिणाम था। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संवारने का कार्य किया है।

राज्य अलंकरण और महतारी वंदन की किस्त भी जारी

समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की। इस अवसर पर अमित शाह ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण प्रदान किए। साथ ही महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *