November 8, 2026

रायगढ़/चंद्रपुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर, चंद्रपुर में आस्था के साथ सेवा का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक सरोकार इकाई अदाणी फाउंडेशन की ओर से मंदिर परिसर में 11 से 19 अक्टूबर तक नौ दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं प्राथमिक उपचार शिविर लगाया गया। इस दौरान देश और प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे कुल 687 श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं। इनमें 504 पुरुष और 183 महिलाएं शामिल थीं।

24 घंटे उपलब्ध रहीं चिकित्सा सेवाएं

शिविर का शुभारंभ डभरा तहसीलदार आशीष पटेल, चंद्रपुर नगर पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन, मंडल अध्यक्ष तिलेस माली, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहन विश्वकर्मा, जिला समन्वयक दिनेश नायक, एल्डरमैन गौरी शंकर गुप्ता एवं गिरजा यादव और मंदिर न्यास के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ।

डॉ. उरांव के मार्गदर्शन में मेडिकल टीम ने चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं को सेवाएं दीं। शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के साथ जरूरत के अनुसार दवाइयों का भी मुफ्त वितरण किया गया।

लंबी यात्रा, मौसमी बीमारी और थकान से परेशान श्रद्धालुओं को राहत

शिविर में अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे श्रद्धालुओं को उपचार उपलब्ध कराया गया। आयोजकों के अनुसार—

  • लंबी दूरी तय कर पहुंचे 187 मरीजों को तत्काल राहत दी गई।
  • सर्दी, खांसी और मौसमी बुखार के 136 मरीजों का उपचार किया गया।
  • यात्रा और उपवास के कारण थकान महसूस कर रहे 130 श्रद्धालुओं को मेडिकल सहायता दी गई।
  • 106 मरीजों की बीपी, शुगर जांच और घावों की ड्रेसिंग की गई।
  • त्वचा संबंधी समस्याओं के 62 और गैस्ट्रो संबंधी परेशानी के 44 मरीजों का उपचार किया गया।

छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा से पहुंचे श्रद्धालुओं को भी मिला लाभ

महानदी, मांड नदी और लात नदी के पवित्र संगम पर स्थित मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार स्वास्थ्य शिविर का लाभ चंद्रपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा से आए दर्शनार्थियों को भी मिला।

आयोजकों ने बताया कि शिविर का आयोजन गोपाल जी महाप्रभु एवं चंद्रहासिनी देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास के समन्वय से किया गया। इसके संचालन में स्व. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति मेमोरियल सर्विस फाउंडेशन, चंद्रपुर का सहयोग रहा।

जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण: नगर पंचायत अध्यक्ष

नगर पंचायत चंद्रपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन ने कहा कि नवरात्रि मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच स्वास्थ्य सुरक्षा बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में अदाणी फाउंडेशन की ओर से लगाया गया यह शिविर जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

वहीं, मंदिर न्यास के ट्रस्टी सुजीत पाण्डेय ने कहा कि मंदिर पहुंचने वाले गरीब और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर ही मुफ्त इलाज और दवाइयां उपलब्ध होने से उनकी यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित बनी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *