जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में पटाखे जलाकर राहगीरों को परेशान करने और उन पर पटाखे फेंकने के आरोप में विजयनगर थाना पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना 9 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे एकता चौक स्थित पटाखा मार्केट के पास की है। पुलिस के मुताबिक, युवक तेज आवाज में पटाखे फोड़ने के साथ वहां से गुजर रहे लोगों पर जानबूझकर पटाखे फेंक रहे थे।

पुलिस की समझाइश को किया नजरअंदाज
घटना की सूचना मिलने पर विजयनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तीनों युवकों को समझाइश देकर ऐसी हरकतें रोकने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि वे नहीं माने और लगातार पटाखे फोड़कर राहगीरों को परेशान करते रहे।
घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान भानु उर्फ प्रखर बड़ेरिया (27), सूर्यांश सिंह (19) और अभिनव शर्मा (25) के रूप में हुई है।
प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर केस दर्ज
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि तीनों युवकों ने जिला दंडाधिकारी जबलपुर की ओर से जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के पैरा क्रमांक 6 का उल्लंघन किया और आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डाला।
इस मामले में विजयनगर थाने में अपराध क्रमांक 533/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(ए), 223 और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में प्रधान आरक्षक 470 राघवेंद्र शुक्ला सहित विजयनगर थाना पुलिस टीम की भूमिका रही।