देवास। खातेगांव थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच अब हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी से आगे बढ़कर अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और उसके पीछे जुड़े लोगों तक पहुंच गई है। पुलिस ने हरदा और टिमरनी में शराब दुकानों से जुड़े कार्यालयों पर छापेमारी कर लाखों रुपये की नकदी, बिक्री और टैक्स के रिकॉर्ड तथा मुनाफे के बंटवारे से संबंधित डायरियां जब्त की हैं।

हरदा-टिमरनी में दो दिन तक छापेमारी
देवास एसपी आदित्य मिश्रा के मुताबिक, मामले में पहले से हिरासत में लिए गए पांच आरोपियों में से दो अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि तीन पुलिस रिमांड पर हैं। टिमरनी शराब दुकान के एरिया मैनेजर भूपेंद्र राणा को भी गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस टीमों ने हरदा और टिमरनी में शराब दुकानों से जुड़े कार्यालयों पर लगातार दो दिनों तक कार्रवाई की। इस दौरान नकदी के अलावा टैक्स, बिक्री और पार्टनरों के बीच मुनाफे के बंटवारे का हिसाब रखने वाली डायरियां बरामद की गईं। जिस बैच नंबर की अवैध शराब ट्रक में मिली थी, उससे जुड़े रिकॉर्ड भी इन कार्यालयों से हासिल हुए हैं।
पत्नी के कियोस्क खाते से ट्रक की किस्तें जमा
जांच में ट्रक की फाइनेंसिंग को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी केरम सिंह ने अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल ट्रक की किस्तों का भुगतान अपनी पत्नी के कियोस्क बैंक खाते के जरिए किया था। अब पुलिस इस खाते के सभी लेन-देन की जांच कर रही है।
छह महीने का फास्टैग डेटा खंगाल रही पुलिस
गुजरात तक अवैध शराब पहुंचाने के नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस ट्रक के पिछले छह महीने के फास्टैग डेटा की जांच कर रही है। शुरुआती पड़ताल में इंदौर के महू, पीथमपुर और आलीराजपुर के रास्ते का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली है।
इसके अलावा ट्रक की बॉडी में मॉडिफिकेशन करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उससे भी पूछताछ की जा रही है।
राहुल जायसवाल से जुड़ी बसें जब्त
पुलिस अब आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों और कथित बेनामी लेन-देन की भी जांच कर रही है। पूछताछ में आरोपी राहुल जायसवाल ने खुद को पार्टनर बताते हुए बसों और पेट्रोल पंपों के संचालन का दावा किया था। हालांकि, जांच में पेट्रोल पंप के दस्तावेज आरोपियों के नाम पर नहीं मिले हैं। इस कार्रवाई के दौरान राहुल से जुड़ी कुछ बसें जब्त की गई हैं।
फरार आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम
एसपी आदित्य मिश्रा के अनुसार, मामले में चार से पांच आरोपी अभी फरार हैं। प्रत्येक फरार आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उनकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें इंदौर, अहमदाबाद और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।