जबलपुर। भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सोमवार को जबलपुर हाईकोर्ट में करीब छह घंटे तक सुनवाई हुई। इस दौरान सीबीआई और आरोपी गिरिबाला सिंह के वकील ने अदालत के सामने अपना-अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।

गिरिबाला सिंह के वकील ने कहा- मामले में कोई भूमिका नहीं
मामले की सुनवाई सुबह 10 बजे शुरू हुई और शाम करीब 4:30 बजे तक चली। सीबीआई की ओर से जवाब पेश किए जाने के बाद गिरिबाला सिंह के वकील ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि इस मामले में गिरिबाला सिंह की कोई भूमिका नहीं है और उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है।
बचाव पक्ष ने कहा कि घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और उनके पासवर्ड का एक्सेस कई लोगों के पास था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलवाने के आरोपों को भी वकील ने निराधार बताया। उन्होंने कहा कि चीजों से छेड़छाड़ या उन्हें मैनिपुलेट करने की बात में कोई सच्चाई नहीं है।
वकील ने यह भी दलील दी कि यदि गिरिबाला सिंह को भागना होता तो वह पहले ही ऐसा कर सकती थीं। उन्होंने अदालत से गिरिबाला सिंह को जमानत देने की मांग की। वहीं, सीबीआई ने भी अपना पक्ष रखा। करीब छह घंटे की सुनवाई के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया।
12 मई को ससुराल में मिला था ट्विशा का शव
गौरतलब है कि 12 मई 2026 को नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा का शव भोपाल स्थित उनके ससुराल में मिला था। इसके बाद ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और अन्य परिजनों ने उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह (पूर्व जिला जज) पर गंभीर आरोप लगाए थे।
परिजनों ने दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने के साथ हत्या का आरोप भी लगाया था। पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने इसकी जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। अब हाईकोर्ट के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।