भोपाल: दीपावली से पहले मध्य प्रदेश के कर्मचारियों ने महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने की मांग को लेकर राजधानी भोपाल में प्रदर्शन किया। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने डाक भवन के सामने विरोध जताया और राज्य सरकार से महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की मांग की।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच लंबे समय से डीए में बढ़ोतरी नहीं हुई है। ऐसे में त्योहार से पहले भत्ते में इजाफा कर कर्मचारियों को आर्थिक राहत दी जानी चाहिए।
10 महीने से DA नहीं बढ़ने का आरोप
कर्मचारियों का दावा है कि पिछले 10 महीने से उनके महंगाई भत्ते में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई का असर कर्मचारियों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। ऐसे में समय पर डीए नहीं बढ़ने से उनमें नाराजगी है।
केंद्रीय और राज्य कर्मचारियों के DA में 2% का अंतर
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने केंद्रीय और मध्य प्रदेश के राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में अंतर का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि केंद्रीय कर्मचारियों को फिलहाल 60 प्रतिशत डीए मिल रहा है, जबकि मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा है।
कर्मचारी संघ ने राज्य सरकार से दीपावली से पहले डीए में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे उन्हें केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर महंगाई भत्ते का लाभ मिल सकेगा।