November 25, 2026

देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में पुलिस मुख्यालय ने जांच के निर्देश दिए हैं। DGP ने मामले की जांच की जिम्मेदारी DG उपेंद्र जैन को सौंपी है। वहीं, देवास SP आदित्य मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने 1800 लीटर से अधिक शराब जब्त की है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल एक भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

हरदा से गुजरात जा रही थी शराब की खेप

खातेगांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शहीद हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी के मामले में SP आदित्य मिश्रा ने बताया कि पुलिस को हरदा से गुजरात जा रही अवैध शराब की खेप के संबंध में खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद जिले में कई टीमें बनाई गई थीं।

एक टीम का नेतृत्व TI दिलीप पुरी कर रहे थे, जबकि दूसरी टीम की कमान सतवास और कन्नौद थाना प्रभारियों के पास थी।

SP ने मीडिया से चर्चा में बताया कि पुलिस ने एक आइशर वाहन जब्त किया है, जिसमें 1800 लीटर से अधिक अल्कोहल मिला है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शराब का स्रोत हरदा की एक वाइन शॉप है। यह खेप कहां ले जाई जा रही थी, इसकी जांच की जा रही है।

ट्रक का पिछला पहिया TI के ऊपर से गुजरा

घटना रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हरदा-नेमावर हाईवे पर हुई। बताया गया कि MP 43 H 4786 नंबर का ट्रक एक ढाबे पर पानी पीने के लिए रुका था। इसी दौरान पुलिस चेकिंग के वक्त ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल TI की मौत हो गई।

उनके शव का खातेगांव के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। SP आदित्य मिश्रा ने कहा कि पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी और ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जो उदाहरण बने। उन्होंने इसे शहीद TI को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

सितंबर में उत्कृष्ट कार्यों के लिए हुए थे सम्मानित

दिलीप पुरी को सितंबर महीने में तत्कालीन देवास SP पुनीत गेहलोत ने उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शिक्षक के रूप में की थी, बाद में पुलिस सेवा में आए।

उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार धार जिले के पैतृक गांव बरमंडल में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *