November 29, 2026

देवास। मध्य प्रदेश के देवास शराब कांड में आरोपी राहुल जायसवाल को कांग्रेस संगठन ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने की घटना में उसकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद संगठन ने यह कार्रवाई की। कांग्रेस ने निष्कासन का आदेश 3 नवंबर को जारी किया था, जिसका पत्र अब सामने आया है।

चेकिंग के दौरान TI को ट्रक ने कुचला था

दरअसल, 2 नवंबर की रात हरदा-नेमावर हाईवे पर पुलिस अवैध शराब से भरे ट्रक को रोकने के लिए चेकिंग कर रही थी। ट्रक क्रमांक MP 43 H 4786 में बड़ी मात्रा में शराब भरकर टिमरनी से गुजरात ले जाई जा रही थी। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया खातेगांव टीआई दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया।

हादसे में टीआई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दबिश देकर शराब से भरे वाहन को पकड़ा। जांच में ट्रक चालक की पहचान आलीराजपुर निवासी गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत के रूप में हुई।

शराब कारोबार में हिस्सेदारी का खुलासा

पुलिस के अनुसार, यह ट्रक केरम सिंह चांगोड़ ने उपलब्ध कराया था। उसे अभिरक्षा में लिया गया। जांच के दौरान शराब कारोबार में कई लोगों की हिस्सेदारी की जानकारी भी सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, शराब ठेका बड़वानी निवासी पाटेंद्र जायसवाल के नाम पर था। इसमें राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहिन जायसवाल की 30-30 प्रतिशत हिस्सेदारी, जबकि पाटेंद्र जायसवाल की 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई गई है।

कौन है राहुल जायसवाल?

राहुल जायसवाल लंबे समय तक युवा कांग्रेस में सक्रिय रहा है। उसने करीब छह साल तक युवा कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। संगठन में उसकी राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए उसे हरदा विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी भी बनाया गया था।

कुछ दिन पहले पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार किया था। शराब कारोबार और टीआई की मौत से जुड़े मामले में उसकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद कांग्रेस संगठन ने उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया। निष्कासन आदेश 3 नवंबर को जारी किया गया था।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *