November 17, 2026

रायपुर। नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा का आंकड़ा पार कर लिया है। इस उपलब्धि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। अस्पताल ने निःशुल्क उपचार के जरिए हजारों बच्चों को नया जीवन देने के साथ उनके परिवारों में आशा और खुशियां लौटाई हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मौजूद रहे। इस दौरान जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन और डॉरमेटरी का भूमिपूजन भी किया गया।

निःशुल्क उपचार को बताया मानवता की सच्ची सेवा

मुख्यमंत्री साय ने 45 हजार बच्चों की शल्य चिकित्सा की उपलब्धि पर श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए बच्चे का स्वस्थ जीवन सबसे बड़ी खुशी है। गंभीर बीमारी से जूझते बच्चे के साथ पूरा परिवार चिंता और पीड़ा से गुजरता है। ऐसे में निःशुल्क उपचार के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ जीवन देना मानवता की सच्ची सेवा है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में संवेदना, विश्वास और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम भी है। अस्पताल की सेवा और समर्पण की भावना समाज के लिए प्रेरणादायी है।

जनजातीय विद्यार्थियों को मिलेंगे नर्सिंग शिक्षा के अवसर

मुख्यमंत्री ने जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नर्सिंग कॉलेज की स्थापना को महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं, विशेषकर बेटियों को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा से युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं में अपना भविष्य बना सकेंगे।

साय ने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के साथ प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों की जरूरत भी बढ़ रही है। प्रस्तावित कॉलेज प्रदेश में कुशल स्वास्थ्य मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

गरीब और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर गरीब, वंचित और दूरस्थ अंचलों में रहने वाले परिवारों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। सरकार के प्रयासों में श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल जैसी सेवाभावी संस्थाओं की भागीदारी से इस लक्ष्य को मजबूती मिलती है।

केंद्रीय मंत्री मांडविया ने भी की सराहना

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बच्चों के निःशुल्क उपचार और मानव सेवा के क्षेत्र में अस्पताल के योगदान की सराहना की। उन्होंने 45 हजार बच्चों की शल्य चिकित्सा की उपलब्धि पर संस्थान की पूरी टीम को बधाई दी।

कार्यक्रम में श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *