November 10, 2026

साय ने कहा कि पुलेला गोपीचंद ने भारतीय बैडमिंटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। नवा रायपुर में उनकी बैडमिंटन अकादमी की शुरुआत प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। खेलों में निवेश का अर्थ युवा पीढ़ी और प्रदेश के भविष्य में निवेश करना है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार खेल रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने यह बात राजधानी रायपुर के जोरा में आयोजित सेंध लेक सिटी और इलेशियम क्लब्स की साझेदारी घोषणा एवं अनुबंध हस्ताक्षर समारोह को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में प्रस्तावित विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स क्लब की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी और युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण तथा आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस दौरान उन्होंने क्लब के संस्थापकों और पूरी टीम को बधाई दी तथा पद्म भूषण से सम्मानित बैडमिंटन खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक पुलेला गोपीचंद का छत्तीसगढ़ में स्वागत किया।

नवा रायपुर में बैडमिंटन अकादमी से खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री अधोसंरचना के विस्तार, प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दे रही है।

बस्तर ओलंपिक में खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़कर 3.91 लाख हुई

मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने का सशक्त मंच बन गया है।

उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक के पहले वर्ष में लगभग 1.65 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर करीब 3.91 लाख हो गई। खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी बस्तर के युवाओं में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है।

साय ने कहा कि बस्तर के युवा अब बंदूक और हिंसा से दूर होकर खेल, शिक्षा, कौशल और रोजगार के माध्यम से अपना भविष्य संवारने के लिए आगे आ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ गांवों की प्रतिभाओं को भी वही अवसर मिलें, जो बड़े शहरों के खिलाड़ियों को उपलब्ध हैं।

ज्ञानेश्वरी यादव और संजू देवी की उपलब्धियों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया के अंतर्गत राष्ट्रीय जनजातीय खेलों का सफल आयोजन किया गया है। प्रदेश के खिलाड़ी भी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी की उपलब्धियों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियां अपनी मेहनत और प्रतिभा से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ा रही हैं।

खेलों के विकास के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार ने खेलों के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। केंद्र सरकार की खेलो इंडिया सहित विभिन्न योजनाओं के समन्वय से प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि शहरों से लेकर सुदूर वनांचलों तक के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, जरूरी सुविधाएं और बेहतर अवसर मिलें। संसाधनों की कमी के कारण किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा पीछे नहीं रहनी चाहिए।

नक्सलवाद से मुक्ति के साथ बस्तर में विकास के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में मिली सफलता उनकी सरकार के लगभग पौने तीन वर्ष के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को निर्णायक दिशा मिली है।

साय ने सुरक्षा बलों के जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की जनता का विश्वास और सहयोग भी इस बदलाव में महत्वपूर्ण रहा है। अब इन क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार, खेल और रोजगार से जुड़ी नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘मोदी की गारंटी’ के तहत किए गए वादों को पूरा करने के साथ सुशासन और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

2047 तक छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2047 तक 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा, वनोपज, जल संसाधन और ऊर्जा के क्षेत्र में समृद्ध है। प्रदेश की प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश लोगों की क्षमता का बेहतर उपयोग कर रोजगार, उद्यमिता और निवेश के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की नई औद्योगिक नीति को देश और विदेश के निवेशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। हाल ही में सिंगापुर प्रवास के दौरान डेटा सेंटर, कृषि प्रसंस्करण और अन्य क्षेत्रों में निवेश को लेकर चर्चा हुई। लगभग 15 बड़ी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में निवेशकों ने छत्तीसगढ़ में उद्योग और व्यवसाय स्थापित करने में रुचि दिखाई।

सुशासन और तकनीक से प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक केंद्रित प्रशासन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सुशासन एवं अभिसरण विभाग की स्थापना, मंत्रालय में ई-ऑफिस प्रणाली लागू करना और सरकारी सेवाओं का डिजिटलीकरण इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।

उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाना सरकार की प्राथमिकता है। स्वस्थ नागरिक, सशक्त युवा, आधुनिक अधोसंरचना और सुशासन विकसित छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण आधार हैं।

OP चौधरी बोले- नवा रायपुर बन रहा नई संभावनाओं का केंद्र

वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब केवल खनिज और भारी उद्योगों तक सीमित नहीं है। प्रदेश में सेवा क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक और आधुनिक शहरी अधोसंरचना का भी विस्तार हो रहा है। नवा रायपुर इन नई संभावनाओं का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास के लिए प्रतिष्ठित संस्थानों का विस्तार किया जा रहा है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी जैसे संस्थान स्थापित हो रहे हैं। वहीं, आईआईटी, आईआईएम, एम्स और सीपेट जैसे राष्ट्रीय संस्थान युवाओं को शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहे हैं।

चौधरी ने कहा कि पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी की शुरुआत प्रदेश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नवा रायपुर में डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर इकाई की स्थापना की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ‘अंजोर’ विजन दस्तावेज के आधार पर दीर्घकालिक विकास योजनाओं पर काम कर रही है।

विकसित भारत के लिए स्वस्थ और सशक्त युवा जरूरी: पुलेला गोपीचंद

पद्म भूषण से सम्मानित पुलेला गोपीचंद ने छत्तीसगढ़ में स्वागत के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवा रायपुर के सुव्यवस्थित विकास की सराहना करते हुए इलेशियम क्लब्स की पहल को खेल, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

गोपीचंद ने कहा कि पिछले दस से बारह वर्षों में देश में खेलों के प्रति दृष्टिकोण में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने वर्ष 2014 के राष्ट्रमंडल खेलों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी राष्ट्र की प्रगति में गौरव और आत्मविश्वास की अहम भूमिका होती है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों की जीत और तिरंगे का ऊंचा होना पूरे देश का आत्मविश्वास बढ़ाता है।

उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और साक्षरता के साथ उनके शारीरिक विकास पर भी समान रूप से ध्यान देना चाहिए। बच्चों को दौड़ने, कूदने, चढ़ने और विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। खेलों में निवेश से न केवल खिलाड़ी तैयार होते हैं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी समाज के निर्माण में भी मदद मिलती है।

गोपीचंद ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए ऐसी युवा पीढ़ी जरूरी है, जो शिक्षित होने के साथ स्वस्थ, सक्रिय और शारीरिक रूप से सक्षम भी हो। इसलिए खेल और स्वास्थ्य को विकास की प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रह्लाद राय अग्रवाल, दीपचंद राजलीवाल, पवित्र कुमार और डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य अतिथि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *