November 25, 2026

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने पर तंज कसा है। बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा विश्व आदिवासी दिवस नहीं मनाती और आदिवासी शब्द से उसे नफरत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के ‘वनवासी’ शब्द का विरोध करने के बाद भाजपा ने ‘जनजातीय’ शब्द का इस्तेमाल शुरू किया।

नितिन नवीन के दौरे पर भी साधा निशाना

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दीपावली मिलन समारोह में शामिल होकर दिल्ली से रायपुर पहुंचे बघेल ने नितिन नवीन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नवीन अब छत्तीसगढ़ आ रहे हैं, तो कुछ न कुछ “ऊल-जलूल” बोलेंगे। बघेल ने भाजपा नेताओं के बयानों पर सवाल उठाते हुए अमित शाह का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, लोकसभा में शाह कहते हैं कि SIR पर चर्चा नहीं हो सकती, जबकि यहां राहुल गांधी को इसी मुद्दे पर चर्चा की चुनौती दी जा रही है।

राहुल गांधी के दीपावली मिलन समारोह का किया जिक्र

बघेल ने बताया कि राहुल गांधी के निवास पर दीपावली मिलन समारोह के लिए कम समय में कई नेताओं को निमंत्रण दिया गया था। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में नेता कार्यक्रम में पहुंचे और आयोजन अच्छा रहा। बघेल के मुताबिक, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं से मुलाकात हुई।

विजय शर्मा के SIR संबंधी बयान पर पलटवार

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के SIR संबंधी बयान पर बघेल ने कहा कि उप मुख्यमंत्री बनने के बावजूद उन्हें संवैधानिक व्यवस्थाओं की समझ नहीं है। उन्होंने शर्मा के एक मुस्लिम व्यक्ति का नाम लेकर बार-बार मतदाता सूची से नाम काटने संबंधी कथित बयान पर सवाल उठाया।

बघेल ने आरोप लगाया कि शर्मा के बयान से यह संकेत मिलता है कि निर्वाचन आयोग भाजपा की जेब में है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग केंद्र सरकार के अधीन और राज्य निर्वाचन आयोग छत्तीसगढ़ सरकार के अधीन है। बघेल ने इसे कांग्रेस के आरोप की पुष्टि बताते हुए कहा कि उनका आरोप है कि निर्वाचन आयोग सरकार के अधीन काम कर रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *