November 11, 2026

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में केन-बेतवा, रुंझ और मझगांय बांध परियोजनाओं से प्रभावित आदिवासियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद बृंदा करात ने अजयगढ़ पहुंचकर आंदोलनकारियों से मुलाकात की और विस्थापन के विरोध में चल रही लड़ाई को समर्थन दिया।

इस दौरान उन्होंने आंदोलन का नेतृत्व कर रहीं युवा नेत्री दिव्या अहिरवार की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की निंदा की। बृंदा करात ने दिव्या को Gen-Z पीढ़ी का निडर चेहरा बताते हुए कहा कि वह अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठा रही हैं और सरकार के दबाव के आगे नहीं झुकेंगी।

आदिवासियों की जमीन छीनने का लगाया आरोप

बृंदा करात ने केंद्र की मोदी सरकार और मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास परियोजनाओं के नाम पर आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन पर भी आरोप लगाया कि गांवों में बिना स्पष्ट पहचान के प्रवेश कर महिलाओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विस्थापित आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई में वामपंथी संगठन उनके साथ खड़े हैं। उनके मुताबिक, प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, अधिकार और न्याय मिलना चाहिए।

आंदोलन को भोपाल और दिल्ली तक ले जाने का संकल्प

अजयगढ़ में हुई इस मुलाकात के दौरान अमित भटनागर, जसविंदर सिंह और केश कुमार कुशवाहा सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने संकल्प जताया कि बांध परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के मुआवजे और अधिकारों की मांग को अब स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा।

आंदोलन से जुड़े लोगों ने कहा कि उनकी आवाज भोपाल से लेकर दिल्ली तक उठाई जाएगी, ताकि विस्थापित परिवारों की समस्याओं और मांगों पर सरकार का ध्यान जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *