November 29, 2026

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में दीपावली की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामगढ़ इलाके में एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खुले कुएं में जा गिरा। हादसे में ड्राइवर की मौत हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने करीब 15 घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को कुएं से बाहर निकाला। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

वाहन बैक करते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात पाइपलाइन डालने वाली कंपनी में काम करने वाला एक मजदूर पिकअप वाहन को बैक कर रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और पास के खुले कुएं में जा गिरा।

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रात का अंधेरा और कुएं में पानी होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं।

15 घंटे बाद कुएं से निकाला गया वाहन

घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। करीब 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पिकअप को कुएं से बाहर निकाला गया। इस दौरान ड्राइवर का शव भी बरामद हुआ।

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं

हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *